विज्ञापन

भारत की सबसे महंगी ट्रेन में 7 दिन तक अमेरिकी यूट्यूबर ने किया सफर, बोले- ऐसा मजा तो यूरोप में भी नहीं आया

अमेरिकी यूट्यूबर कपल ने 26 लाख रुपये का टिकट खरीदकर भारत की सबसे महंगी ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' में 7 दिन का सफर किया. ट्रेन के अंदर आलीशान बाथटब, फाइव-स्टार खाना और शाही मेहमाननवाजी देखकर विदेशी कपल भी दंग रह गया.

भारत की सबसे महंगी ट्रेन में 7 दिन तक अमेरिकी यूट्यूबर ने किया सफर, बोले- ऐसा मजा तो यूरोप में भी नहीं आया
अमेरिकी यूट्यूबर ने दिखाई भारत की सबसे महंगी ट्रेन की अंदरूनी झलक.
@KaraandNate

VIRAL VIDEO: मशहूर अमेरिकी यूट्यूबर कपल कारा और नेट ने भारत की सबसे महंगी लग्जरी ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' में मुंबई से दिल्ली के बीच 7 दिनों का शाही सफर तय किया. करीब 26 लाख रुपये (28,000 डॉलर) किराए वाले इस ऑल-इनक्लूसिव सफर में उन्हें पर्सनल सुइट, बाथटब और फाइव-स्टार खाना जैसी सुविधाएं मिलीं. कपल ने इस सफर को 'पैसा वसूल' बताते हुए इसकी तुलना यूरोप की ओरिएंट एक्सप्रेस से की, जहां इतने ही किराए में सिर्फ 24 घंटे का सफर मिलता है. उदयपुर पहुंचने पर कपल का फूलों से स्वागत हुआ और उन्हें पर्सनल गाइड व निजी कार की सुविधा दी गई. कारा और नेट ने अपने यूट्यूबर चैनल पर  WE BOARDED INDIA'S $28,000 LUXURY TRAIN (Maharajas' Express 7 day journey) टाइटल नाम से वीडियो में अपनी जर्नी दिखाई है.

पटरियों पर दौड़ता हुआ महल

मुंबई से दिल्ली के सात दिनों के इस सफर में कारा और नेट जैसे ही ट्रेन के 'हीरा' सुइट में दाखिल हुए, उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं. ट्रेन के एक डिब्बे में सिर्फ दो ही सुइट बने हैं. कमरे इतने बड़े हैं कि अमूमन किसी ट्रेन में ऐसे नहीं दिखते. खिड़की के पास आरामदायक कुर्सियां, पर्सनल वाई-फाई राउटर, मिनी बार और सोने पर सुहागा बाथरूम में एक आलीशान बाथटब भी मौजूद है. कारा और नेट ने बताया कि उन्होंने दुनिया भर की ट्रेन यात्राएं की हैं, लेकिन ट्रेन के भीतर बाथटब देखना उनके लिए भी पहली बार था.

WATCH VIDEO

अगले 7 दिन में 500 डिशेज का स्वाद

इस सफर की सबसे बड़ी खासियत यहां का खाना-पीना है. कारा और नेट को सफर के दौरान एक कुकबुक भी तोहफे में मिली, जिसमें लिखा था कि इस हफ्ते वे 500 से ज्यादा स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखेंगे. ट्रेन के शेफ जॉन ने जब उन्हें खास सब्जी का शोरबा (broth) परोसा, तो उसके स्वाद ने दोनों का दिल जीत लिया. शेफ ने मुस्कुराते हुए इस स्वाद का राज बताया, "सब्जियों को ठीक 45 मिनट तक उबालना, काली मिर्च का तीखापन और सबसे जरूरी चीज...ढेर सारा प्यार." 

वाकई पैसा वसूल है इसका किराया

यूट्यूबर कपल ने बताया कि उन्होंने इससे पहले बुडापेस्ट से पेरिस के लिए 'ओरिएंट एक्सप्रेस' का सफर किया था, जिसका किराया 24 घंटे के लिए 28,000 डॉलर था. लेकिन महाराजा एक्सप्रेस में इतने ही पैसों में आपको पूरा एक हफ्ता मिलता है. यह एक 'ऑल-इनक्लूसिव' सफर है, यानी एक बार टिकट लेने के बाद खाना, पीना, घूमना और मनोरंजन सब कुछ इसी किराए में शामिल है. 

यह भी पढ़ें | वंदे भारत में पहली बार विदेशी यूटयूबर ने किया सफर, बोला- एग्जीक्यूटिव क्लास का ये फीचर दिल ले गया

झीलों की नगरी उदयपुर में शाही स्वागत

सफर के दूसरे दिन ट्रेन झीलों की नगरी उदयपुर पहुंची. स्टेशन पर ताजे फूलों की पंखुड़ियों से कपल का स्वागत हुआ. सुइट बुक करने का सबसे बड़ा फायदा यह था कि जहां बाकी यात्री बस से जा रहे थे, वहीं कारा और नेट के लिए एक निजी कार और गाइड का इंतजाम था. उन्होंने पिछोला झील में बोटिंग का आनंद लिया, जिसे उन्होंने भारत की सबसे शांत और खूबसूरत जगह बताया. इसके बाद उन्होंने उदयपुर के स्थानीय बाजारों की हलचल का अनुभव किया और कांच की रंग-बिरंगी चूड़ियां भी खरीदीं.

रात को जब वे थककर ट्रेन में वापस लौटे, तो उनके पैरों की थकान मिटाने के लिए फुट मसाजर तैयार था. वाकई, महाराजा एक्सप्रेस का यह सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना नहीं, बल्कि जिंदगी में एक बार लिया जाने वाला सबसे यादगार और शाही अनुभव है.

यह भी पढ़ें | भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में डच यूट्यूबर का सफर, महिला के हाथ का खाना खाकर कहा- 'ये बात हमेशा याद रखूंगा'

 यह भी पढ़ें | 41 की उम्र में भी बेटी के भाई लग रहे थे पिता, लोगों ने पूछा जवानी का राज तो बोले- मैं सिर्फ 3 काम करता हूं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharaja Express, Maharaja Express Inside Video, Maharaja Express Ke Ticket Ka Price, Maharaja Express Suite Room, Maharaja Express Luxury
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com