विज्ञापन

ट्रेन के टॉयलेट में गिरी सोने की अंगूठी, रेलवे कर्मचारियों ने गंदी नाली से निकालकर दी वापस

Indian Railway: एक यात्री की ट्रेन के टॉयलेट में सोने की अंगूठी गिर गई, जिसके बाद वेस्टर्न रेलवे के कर्मचारियों ने तुरंत खोई हुई अंगूठी को ढूंढने के लिए खोज अभियान शुरू किया और अंगूठी ढूंढ कर यात्री को वापस सौंप दी.

ट्रेन के टॉयलेट में गिरी सोने की अंगूठी, रेलवे कर्मचारियों ने गंदी नाली से निकालकर दी वापस
gold ring recovery
Social Media

Indian Railway: मुंबई से भुज जा रहे एक यात्री की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब अहमदाबाद में रेलवे स्टाफ ने उसकी लाखों रुपये की सोने की अंगूठी वापस दिला दी. यह अंगूठी ट्रेन के टॉयलेट के ड्रेनेज सिस्टम में गिर गई थी. अहमदाबाद के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ऑफिस ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की, जो अब तेजी से वायरल हो रही है.

दरअसल, यात्री बांद्रा टर्मिनस-भुज स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहा था, तभी उसकी अंगूठी गलती से ट्रेन के टॉयलेट में गिर गई. अंगूठी सीधे पाइप और टैंक में चली गई, जिससे उसे लगा कि अब वह हमेशा के लिए खो गई है.

जब ट्रेन अहमदाबाद स्टेशन पहुंची, तो वेस्टर्न रेलवे के कर्मचारियों ने तुरंत खोई हुई अंगूठी को ढूंढने के लिए खोज अभियान शुरू किया. सीनियर सेक्शन इंजीनियर (C&W) संजय यादव की अगुवाई में एक टीम बनाई गई, जिसमें सीटीएस स्टाफ के वीरेंद्र कुमार सिंह और अन्य कर्मचारी शामिल थे. इस टीम ने कई घंटों तक ट्रेन के कचरा सिस्टम (वेस्ट सिस्टम) के अंदर काम किया. अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें बहुत मुश्किल हालात में काम करना पड़ा. जहां बदबूदार पाइपलाइन और गंदे टैंक के बीच जाकर अंगूठी तलाशनी पड़ी. काफी मेहनत के बाद टीम ने सफलतापूर्वक अंगूठी ढूंढ ली और उसे यात्री को वापस सौंप दिया.

वेस्टर्न रेलवे ने अपने बयान में कहा कि उनकी जिम्मेदारी सिर्फ यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे यात्रियों के भरोसे और उनके सामान की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखते हैं. अहमदाबाद के DRM द्वारा किया गया यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया. लोगों ने रेलवे कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी की जमकर तारीफ की.

कुछ लोगों का कहना था कि ऐसे अच्छे काम के लिए कर्मचारियों को इनाम या प्रमोशन मिलना चाहिए, जबकि कई लोगों ने कहा कि इससे रेलवे पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com