VIRAL VIDEO: चीन के सरकारी अस्पताल कैसे होते हैं. क्या वे वाकई हमारे यहां के अस्पतालों से अलग हैं. बिहार के राजीव गुप्ता अपनी चीनी पत्नी नव्या गुप्ता (लियू डैन) के साथ जब चीन के एक बड़े सरकारी अस्पताल पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए. अपने लोकप्रिय यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए इस व्लॉग में राजीव ने चीन के 'द सेकंड एफिलिएटेड हॉस्पिटल, झेजियांग यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन' की जमीनी हकीकत दिखाई है. अस्पताल में कदम रखते ही राजीव को बिहार का पीएमसीएच (PMCH) याद आ गया, लेकिन यहां की व्यवस्था ने उन्हें हैरान कर दिया. अस्पताल परिसर में कदम रखते ही सबसे पहले सुरक्षा जांच होती है, जो किसी मेट्रो स्टेशन या एयरपोर्ट जैसी है. एंट्री गेट पर ही इमरजेंसी के लिए हेलीकॉप्टर की सुविधा मौजूद है, जो गंभीर मरीजों को तुरंत एयरलिफ्ट करने के काम आता है.
सारा सिस्टम ऑटोमेटेड, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट
अस्पताल के भीतर कदम-कदम पर ऑटोमेटिक सिस्टम और तकनीक का कमाल दिखता है. यहां किसी भी मदद के लिए इंफॉर्मेशन डेस्क पर वॉलिंटियर्स मौजूद रहते हैं. चलने-फिरने में असमर्थ लोगों के लिए जगह-जगह व्हीलचेयर रखी हैं. पूरे अस्पताल में सफाई का स्तर ऐसा है कि कहीं धूल का एक कण भी नजर नहीं आता. लगातार सफाई कर्मचारी काम में जुटे रहते हैं. चेकअप की पूरी प्रक्रिया बेहद आसान और हाईटेक है. राजीव की पत्नी नव्या ने पहले से ही अल्ट्रासाउंड के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले रखा था.
अस्पताल में भाषा की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सभी कियोस्क और मशीनों पर चीनी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का भी विकल्प है. मरीज खुद इन्हें आसानी से ऑपरेट कर सकते हैं. अल्ट्रासाउंड के बाद वे डॉक्टर से मिलने तीसरे फ्लोर पर गए. वहां अपॉइंटमेंट कन्फर्म करने के बाद नव्या का बीपी चेकअप हुआ और डॉक्टर ने दवाइयां लिख दीं.
देखिए एक बिहारी आदमी ने चीन के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज करवाया एक दम फ्री तो व्यवस्था देखकर चौंकना रह गया। https://t.co/JFscswqcWz
— सीतामढ़ी जिला 🇮🇳 (@SitamarhiJila) November 11, 2026
दवाएं सीधे काउटंर पर आती हैं
राजीव ने दिखाया कि दवा लेने का सिस्टम भी किसी जादू से कम नहीं है. डॉक्टर के पर्चा लिखते ही फार्मेसी विभाग से ऑटोमेटिक बेल्ट के जरिए दवाइयां सीधे काउंटर तक पहुंच जाती हैं. अस्पताल में मरीजों के लिए मुफ्त गर्म और ठंडे पानी की भी बढ़िया व्यवस्था है. राजीव का यह व्लॉग सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक सरकारी अस्पताल भी इतना साफ-सुथरा, आधुनिक और तकनीक से लैस हो सकता है. राजीव ने दर्शकों से भी पूछा कि उन्हें हमारा सिस्टम और चीन का यह सरकारी अस्पताल कितना अलग लगा.
यह भी पढ़ें | 'किसी की मजाल जो हमसे कुछ कह दे', मोहल्ले में मुस्लिम परिवार ने मनाई दिवाली, कहा- बच्चों को खुशी मिलती है
यह भी पढ़ें | भारत में 1 साल बिताकर वापस जाने वाला विदेशी रो दिया, बोला- देश के लिए पूरा नजरिया बदल गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं