विज्ञापन
This Article is From Nov 27, 2018

पाक आर्मी चीफ से गले मिलने पर सिद्धू ने फिर दी सफाई, 'सिर्फ झप्पी थी, राफेल डील नहीं की'

पाकिस्तान जाकर नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने कहा कि वो सिर्फ़ गले मिले थे कोई राफेल डील नहीं की थी. सिद्धू ने कहा कि जब दो पंजाबी मिलते हैं तो ऐसे ही मिलते हैं.

Also Read in
पाक आर्मी चीफ से गले मिलने पर सिद्धू ने फिर दी सफाई, 'सिर्फ झप्पी थी, राफेल डील नहीं की'
नवजोत सिंह सिद्धू ने पाक आर्मी चीफ से गले मिलने पर फिर दी सफाई.
  • पाकिस्तान में हैं नवजोत सिंह सिद्धू
  • सिद्धू बोले-गले लगा था, राफ़ेल डील नहीं की
  • कहा- दो पंजाबी ऐसे ही मिलते हैं
लाहौर: पाकिस्तान में करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) पाकिस्तान गए हैं. बुधवार यानी 28 नवंबर को पाकिस्तान में करतारपुर कॉरिडोर (kartarpur corridor) का शिलान्यास होना है. पाक प्रधानमंत्री इमरान ख़ान इसका शिलान्यास करेंगे. वाघा बॉर्डर के उस पार पाकिस्तानी रेंजर्स ने सिद्धू का स्वागत किया. वहां मौजूद पाक नागरिकों ने उनके साथ सेल्फ़ी भी ली. पाकिस्तान पहुंचकर सिद्धू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने इमरान के शपथ समारोह में पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ से गले मिलने को लेकर फिर सफ़ाई दी. सिद्धू ने कहा कि वो सिर्फ़ गले मिले थे कोई राफेल डील नहीं की थी. सिद्धू ने कहा कि जब दो पंजाबी मिलते हैं तो ऐसे ही मिलते हैं. बाजवा के गले लगने को लेकर भारत में सिद्धू की काफ़ी आलोचना हुई थी. सिद्धू ने कहा कि करतारपुर गलिायरा भारत और पाकिस्तान के बीच शांति को बढ़ावा देगा और 'शत्रुता' मिटाएगा. इससे क्रिकेट रिश्तों की बहाली समेत दोनों देशों के बीच अनंत सभावनाओं का निर्माण होगा. 

यह भी पढ़ें : करतारपुर कॉरिडोर को मिली मंजूरी, अपने खर्च से बनाएगी केंद्र सरकार, दरबार साहिब जा सकेंगे सिख श्रद्धालु

चार किलोमीटर लंबा यह गलियारा भारत के गुरदासपुर जिला स्थित डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान में नारोवाल में गुरुद्वारा करतारपुर साहिब से जोड़ेगा. यह गलियारा भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारे तक वीजा मुक्त पहुंच मुहैया कराएगा. सिद्धू ने इस गलियारे को संभव बनाने के लिए इमरान खान को धन्यवाद दिया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच शांति को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, 'इससे दोनों देशों के बीच शत्रुता मिटेगी.'

यह भी पढ़ें : शिवसेना ने सिद्धू पर साधा निशाना, पाक आर्मी चीफ से गले मिलने पर लगाई लताड़

उन्होंने मीडिया से कहा, 'इमरान खान ने तीन महीने पहले जो बीज बोये थे वह अब एक पेड़ बन गया है. सिख समुदाय के लिए यह खुशी का पल है कि बाबा गुरु नानक का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बिना किसी परेशानी के करतारपुर पहुंचने के लिए एक गलियारा मिल जाएगा.' उन्होंने कहा कि गलियारा खुलने से 71 वर्षों का इंतजार समाप्त हो गया है. सिद्धू ने कहा, 'करतारपुर गलियारा शांति का पथ साबित होगा.' उन्होंने इसे 'अनंत संभावनाओं वाला गलियारा' करार दिया और कहा कि ऐसी पहलों से (दोनों देशों के बीच) शांति को बढ़ावा मिलेगा. 

यह भी पढ़ें : अमरिंदर ने पाक सेना प्रमुख से गले मिलने पर सिद्धू पर साधा निशाना, कहा - हर दिन हमारे फौजी शहीद होते हैं और....

दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध बहाली के बारे में पूछे जाने पर सिद्धू ने कहा, 'दोनों देशों में ऐसे कई कलाकार और क्रिकेटर हैं जिन्हें सभी प्यार करते हैं और भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होने चाहिए.' उन्होंने कहा, 'इमरान खान, वसीम अकरम और जावेद मियांदाद के भारत में कई प्रशंसक हैं. इसी तरह से पाकिस्तान में शाहरुख और सलमान खान के काफी प्रशंसक हैं.' उन्होंने कहा, 'धर्म को राजनीति की आंखों से नहीं देखा जाना चाहिए.' पाकिस्तान यात्रा करने के उनके निर्णय की आलोचना संबंधी सवाल पर सिद्धू ने कहा, 'जो मेरी आलोचना करते हैं मैं उन लोगों को माफ करता हूं.' उन्होंने कहा, 'मैं बचपन से ही इमरान खान का प्रशंसक रहा हूं.'

VIDEO: सिद्धू की सफाई, कहा - गले मिला, रफ़ाल डील नहीं की


करतारपुर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित नारोवाल जिले के शकरगढ़ में स्थित है. ऐसा कहा जाता है कि सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने वहां अपने जीवन के 18 वर्ष से अधिक समय बिताया था. करतारपुर साहिब गुरुद्वारा रावी नदी के किनारे स्थित है. सोमवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने गुरदासपुर में गलियारे की आधारशिला रखी थी. 

(इनपुट: भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Navjot Singh Sidhu, Navjot Singh Sidhu Hugs Pakistan Army Chief, Kartarpur Corridor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com