- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में तरबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट की साइट पर हादसा हो गया
- हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है, मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है
- परियोजना की लागत पहले से बढ़कर लगभग 316 अरब रुपये हो चुकी है और पूरा होने की समय-सीमा जून 2028 तक बढ़ाई गई है
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में बड़ा हादसा हुआ है. वाटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी (वापडा) ने बताया कि सोमवार को तरबेला बांध के 5वें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) की निर्माण साइट पर चट्टान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे पानी का बहाव पास के काम वाले इलाकों में घुस गया. इस घटना के बाद आपातकाल घोषित कर दिया गया; निर्माण कार्य रोक दिया गया और मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए. हालांकि, इस घटना में किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है.
क्यों है ये बड़ा हादसा
- तरबेला बांध पाकिस्तान के हरिपुर और स्वाबी जिलों में, इस्लामाबाद से लगभग 105 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है.
- इसका निर्माण कार्य 1968 में शुरू हुआ और 1976 में पूरा हुआ और अब अपग्रेड का काम चल रहा है.
- इसका मुख्य कार्य सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और जलविद्युत (बिजली) का उत्पादन करना था.
- अब इस बांध पर पांचवीं विस्तार परियोजना (T-5) का काम चल रहा था, जिसके तहत इसकी पुरानी सिंचाई टनल (Tunnel 5) को हाइड्रोपावर में अपग्रेड किया जा रहा था.
- इस विस्तार से बांध की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 4,888 मेगावाट से बढ़कर 6,418 मेगावाट होने वाली थी, जिसमें 1,530 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ी जानी थी.
- इसे विश्व बैंक और एशियाई बुनियादी ढांचा निवेश बैंक की तरफ से फाइनेंस किया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट की लागत मूल अनुमान से पहले ही काफी ज्यादा लगभग 316 अरब रुपये तक पहुंच चुकी है.
- इस हादसे के चलते इसके पूरा होने की समय-सीमा अब आगे खिसक कर जून 2028 तक पहुंच गई है. साथ ही इसकी लागत भी अब और बढ़ सकती है.
- सबसे बड़ी बात की इसके अपग्रेड का ठेका चीन की सरकारी कंपनी 'पॉवर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ऑफ चाइना लिमिटेड' को दिया गया है.
देखें वीडियो
🚨Pakistan Dam Structure Built by Chinese Company Has Collapsed Tarbela Dam's T5 Project Has Suffered a Breach, Flooding Tunnel 5, Second Breach in Last 2 Years Tarbela Dam Project of Pakistan Has Completely Failed https://t.co/TnnKt6Ogkm
— ARIKA🇮🇳🚩 (@nidhisj2001) November 9, 2026
कैसे हुई ये घटना
- वापडा ने एक बयान में कहा कि खुदाई के काम के दौरान एक कमजोर चट्टान ढह गई, जिससे T-5 प्रोजेक्ट के निर्माणाधीन पावर हाउस और एक सुरंग में पानी भर गया. इसके चलते वहां काम कर रहे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 'सेकंड बेंच कनेक्टिंग टनल' की खुदाई के दौरान हुई. सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने से 'इनटेक पिट' का पानी सुरंग और पावर हाउस वाले इलाके में घुस गया.
- बयान में कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. साथ ही यह भी बताया गया कि 'इनटेक पिट' का सारा पानी निकाल दिया गया है और अब आगे के काम वाली जगहों पर पानी नहीं आ रहा है.
- वापडा ने बताया कि निर्माणाधीन पावर हाउस से पानी निकालने का काम भी शुरू हो गया है. हरिपुर के डिप्टी कमिश्नर वसीम अहमद ने T-5 प्रोजेक्ट के अधिकारियों के हवाले से बताया कि प्रशासन यह जांच कर रहा है कि सुरंग, पावर हाउस और काम वाली जगह के अन्य ढांचों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं.
- बयान में कहा गया है कि वापाडा के वरिष्ठ अधिकारी, प्रोजेक्ट इंजीनियर और ठेकेदार T-5 प्रोजेक्ट के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए स्थिति का जायजा ले रहे थे. अथॉरिटी ने T-5 सुरंग के ढहने को लेकर चल रही खबरों को भी खारिज कर दिया. उन्होंने बताया कि मुख्य सुरंग, निर्माणाधीन पावर हाउस, टेलरेस कलवर्ट और स्विचयार्ड को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
सिंधु नदी में जाने से बचने की सलाह
इसमें आगे कहा गया कि काम करने वाले किसी भी कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई है और न ही किसी की जान गई है. जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल तरबेला के निचले इलाकों में बाढ़ या पानी भरने का कोई खतरा नहीं है. इस बीच, स्वाबी के डिप्टी कमिश्नर नसरुल्ला खान ने बताया कि कुछ "अनिवार्य" कारणों से तरबेला बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है, जिससे सिंधु नदी में पानी का बहाव और स्तर बढ़ने की संभावना है.
नसरुल्ला खान ने कहा, "सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सिंधु नदी में नहाने, तैरने या नाव चलाने से पूरी तरह बचें." डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की भी अपील की. खान ने आगे कहा, "नागरिकों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और सही जानकारी के लिए हमारे आधिकारिक पेज को देखना चाहिए."
इससे पहले जुलाई में, सरकार द्वारा गठित एक जांच समिति ने 1,530 मेगावाट के T-5 प्रोजेक्ट में 'कॉफरडैम' के ढहने के लिए तीनों मुख्य पक्षों (ठेकेदार, सलाहकार और नियोक्ता (वाप्डा)) को जिम्मेदार ठहराया था. समिति ने बताया कि इस घटना के मुख्य कारणों में से एक यह था कि अनुबंध के बाद बिना अनुमति के डिजाइन में बदलाव किए गए थे.
यह भी पढ़ें | अमेरिकी कंपनी के सीईओ का हुआ हनीट्रैप: चीन ने किया इनकार; जानिए हाईप्रोफाइल केस की हर परत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं