विज्ञापन

अमेरिका में 9/11 से भी बड़े हमले की थी तैयारी! बम बना कैपिटल पहुंचने वाली थी 35 साल की महिला, बदला था धर्म

35 साल की जेसिका बोवी पर ऐसे “विदेशी आतंकवादी संगठनों” को मदद देने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है. उसने खुद FBI के मुखबीर को बताया कि वह इस्लामिक स्टेट को सपोर्ट करती है.

अमेरिका में 9/11 से भी बड़े हमले की थी तैयारी! बम बना कैपिटल पहुंचने वाली थी 35 साल की महिला, बदला था धर्म
US Terror Attack Plot: अमेरिका में 35 साल की जेसिका बोवी पर आतंकवाद से जुड़ा आरोप लगा है
  • अमेरिका में 35 वर्षीय जेसिका बोवी पर न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल में आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है
  • उसने FBI के मुखबिर को बताया कि वह बिल्डिंग को तबाह करना चाहती है और सीनेटरों को निशाना बनाना चाहती है
  • आरोप है कि वह विस्फोटक बनाने के लिए जरूरी सामान जुटा रही थी और 19 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया गया था

अमेरिका में इस बार 9/11 से भी बड़ा हमला करने की तैयारी थी. इस बार तो न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल की बिल्डिंग्स को ही आतंकी धमाकों से दहलाने की साजिश रची जा रही थी. पूरी साजिश का खुलासा हो गया है. अमेरिका में अधिकारियों ने 35 साल की एक महिला पर आतंकवाद से जुड़ा आरोप लगाया है. आरोप है कि यह महिला इस्लामिक स्टेट (IS) को समर्थन करती थी. उसने खुफिया एजेंसी FBI के एक मुखबिर से कहा था कि वह न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल की बिल्डिंग्स को तबाह करना चाहती है. यह जानकारी कोर्ट में दाखिल डॉक्यूमेंट्स से सामने आई.

बता दें कि न्यूयॉर्क स्टेट कैपिटल कनाडा की सीमा के पास अल्बानी शहर में है. यह न्यूयॉर्क की राज्य सरकार का मुख्य केंद्र है. इसी इमारत में राज्य की विधानसभा और सीनेट, दोनों काम करती हैं.

उम्र केवल 35 साल, बदल लिया धर्म, अब दिमाग में आतंक

कोर्ट के दस्तावेजों के अनुसार, 35 साल की जेसिका बोवी पर ऐसे “विदेशी आतंकवादी संगठनों” को मदद देने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है, जिन्हें अमेरिका ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार आरोप है कि जेसिका ने इस्लाम धर्म अपना लिया था और ऑनलाइन इस्लामिक स्टेट की खुलकर सपोर्टर बन गई थी. वह इंटरनेट पर अमेरिका विरोधी पोस्ट डालती थी. इनमें 11 सितंबर 2001 के हमलों (9/11) को अंजाम देने वालों का समर्थन भी शामिल था.

आपराधिक शिकायत के अनुसार, जेसिका ने FBI के एक मुखबिर को बताया था कि वह इस्लामिक स्टेट को सपोर्ट करती है. उसने बम और दूसरे विस्फोटक बनाने का तरीका भी पूछा था. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेसिका ने मुखबिर से कहा था कि वह कैपिटल के पास पिकनिक मनाने का बहाना बनाएगी. इस दौरान वह वहां की सुरक्षा व्यवस्था को देखेगी और उसके बारे में जानकारी जुटाएगी.
21 जुलाई को महिला को फोटो लेते हुए देखा गया, जब वह कथित तौर पर कैपिटल में आतंकी हमले के लिए रेकी कर रही थी (फोटो- FBI/DOJ)

21 जुलाई को महिला को फोटो लेते हुए देखा गया, जब वह कथित तौर पर कैपिटल में आतंकी हमले के लिए रेकी कर रही थी (फोटो- FBI/DOJ)

जेसिका ने एक सुरक्षित मैसेजिंग ऐप पर मुखबिर से यह भी कहा कि उसे सोशल जस्टिस सेंटर से कुछ अराजकतावादी किताबें और कंटेंट मिले हैं. उसका कहना था कि उनमें कुछ काम की जानकारी मिल सकती है. जेसिका ने लिखा, “मैं बिल्डिंग को जितना हो सके उतना नष्ट करना चाहती हूं और जब सीनेटर बैठक कर रहे हों, तब उन्हें मारना चाहती हूं. मैं यह भी चाहती हूं कि उनके कई जरूरी डॉक्यूमेंट नष्ट हो जाएं.”

पूरी प्लानिंग कर ली थी

आरोप है कि जेसिका ने खाना पहुंचाने वाली कंपनी के डिलीवरी ड्राइवर का रूप लेने के बारे में भी सोचा था. वह इस पहचान का इस्तेमाल इमारत के अंदर जाने और वहां बम रखने के लिए करना चाहती थी. इसके बाद वह सीरिया भागने की योजना बना रही थी. उसने कथित तौर पर यह भी कहा था कि अगर वह अमेरिका से भागने में सफल हो गई, तो बाद में वापस आकर कुछ और बड़े ठिकानों को निशाना बना सकती है. इनमें न्यूयॉर्क का टाइम्स स्क्वायर भी शामिल था.

जेसिका ने डोरडैश का एक बैग और बम बनाने के लिए जरूरी सामान जुटा लिया था. इनमें बम में इस्तेमाल होने वाली कीलों जैसी चीजें भी शामिल थीं. वह इसे बुर्का पहनकर होम डिपोट से खरीदती सीसीटीवी में भी कैद हुई है. इन चीजों को बम के टुकड़ों की तरह इस्तेमाल किया जा सकता था. इसके बाद 19 अगस्त को FBI के अधिकारियों ने जेसिका को गिरफ्तार कर लिया.

होम डिपोट से कील खरीदती आरोपी महिला (फोटो- FBI/DOJ)

होम डिपोट से कील खरीदती आरोपी महिला (फोटो- FBI/DOJ)

आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान जेसिका ने अधिकारियों से कहा कि अब मेरी कोई मदद नहीं कर सकता, आप लोग मेरे बारे में काफी कुछ जान चुके हैं. जेसिका को गुरुवार को कोर्ट में पेश होना था. उसके वकील ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ें: इमरान खान रात के अंधेरे में हॉस्पिटल में शिफ्ट, डरी थी शहबाज सरकार! सेना-पुलिस के 800 जवान का घेरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Terror Attack, 9/11 Attack, Islamic State
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com