- अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को पेंटागन द्वारा दी जा रही ईरान युद्ध की जानकारी की सटीकता पर गंभीर शंका है
- वेंस को चिंता है कि मिसाइल भंडार में कमी के कारण भविष्य में अन्य देशों के साथ संघर्ष में समस्या हो सकती है
- वेंस ने सीधे तौर पर रक्षा अधिकारियों पर राष्ट्रपति ट्रंप को गुमराह करने का आरोप नहीं लगाया है- रिपोर्ट
US Iran War Updates: अमेरिका की सत्ता के अंदर ही अब ईरान युद्ध को लेकर शक और सवाल उठने लगे हैं- और ये सवाल खुद उपराष्ट्रपति उठा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को चिंता है कि पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) शायद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान युद्ध के बारे में पूरी तरह सही जानकारी नहीं दे रहा है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन लगातार कह रहे हैं कि 8 हफ्ते पुराने इस युद्ध में अमेरिकी सेना ने शानदार प्रदर्शन किया है. उनका दावा है कि उन्होंने ईरान की वायु सेना, नौसेना और रक्षा ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है, और अमेरिका के हथियारों का भंडार अभी भी भरपूर है.
लेकिन “द अटलांटिक” की रिपोर्ट के अनुसार बंद कमरे की बैठकों में जेडी वेंस ने इन दावों पर बार-बार सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि क्या ट्रंप को युद्ध की जो “बहुत अच्छी तस्वीर” दिखाई जा रही है, वह सच में सही है या नहीं. साथ ही उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या पेंटागन अमेरिका के मिसाइल भंडार में आई भारी कमी को कम करके दिखा रहा है.
क्या वेंस को हेगसेथ पर शक है?
रिपोर्ट में बताया गया कि सीनियर अधिकारियों के अनुसार, वेंस ने युद्ध से जुड़ी जानकारी की सटीकता पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बातचीत में यह चिंता भी जताई कि कुछ खास मिसाइल सिस्टम की उपलब्धता कम हो सकती है. वेंस को डर है कि अगर हथियारों का स्टॉक कम हो गया, तो भविष्य में चीन, नॉर्थ कोरिया या रूस के साथ किसी टकराव में अमेरिका को मुश्किल हो सकती है.
लेकिन व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने “द अटलांटिक” को बताया कि वेंस निजी तौर पर रणनीतिक योजनाओं को लेकर बहुत गहराई से सवाल पूछते हैं- जैसे कि राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के बाकी सदस्य भी करते हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वेंस कोशिश कर रहे हैं कि यह मामला व्यक्तिगत न बने और ट्रंप की टीम में कोई फूट न पड़े. हालांकि, वेंस के कुछ करीबी लोगों का मानना है कि हेगसेथ युद्ध में अमेरिका की स्थिति को इतना अच्छा दिखा रहे हैं कि वह भ्रामक हो सकता है. रिपोर्ट में ट्रंप प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने यह भी कहा कि रक्षा मंत्री का आक्रामक अंदाज और हमेशा सकारात्मक बातें करना शायद इसीलिए है ताकि “राष्ट्रपति को वही सुनाया जाए, जो वह सुनना चाहते हैं.” उन्होंने यह भी बताया कि हेगसेथ की ब्रीफिंग अक्सर सुबह 8 बजे होती है- उसी समय जब ट्रंप फॉक्स न्यूज देखते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं