अमेरिका में 9/11 के भीषण हमले के बाद आतंकी समूह अलकायदा के मुख्य साजिशकर्ता अमेरिका पर और ज्यादा हमले करने की फिराक में थे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
न्यूयार्क:
अमेरिका में ग्यारह सितंबर के भीषण हमले के बाद आतंकी समूह अलकायदा के मुख्य साजिशकर्ता अमेरिका पर और ज्यादा हमले करने की फिराक में थे। इन हमलों में पश्चिमी तट पर वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की तरह ही हवाई हमला करने और प्रसिद्ध ब्रुकलिन ब्रिज को तहस-नहस करने की योजना थी। अमेरिकी अखबार न्यूयार्क टाइम्स ने ग्वांतानामो बे के बारे में खुलासा की गई खुफिया जानकारियों के हवाले से कहा है कि जिन हमलों की साजिश रची गई थी उनमें एक अपार्टमेंट को प्राकृतिक गैस से भरकर उड़ाना, गैस केंद्रों को उड़ाना और ब्रुकलिन ब्रिज को जोड़ने वाली तारों को काटना शामिल था। हालांकि इनमें से कोई भी साजिश परवान नहीं चढ़ सकी। लीक हुई इन खुफिया सैन्य दस्तावेजों में बताया गया है कि इन हमलों की योजना बनाने वाला शख्स 63 वर्षीय पाकिस्तानी मूल का अमेरिकी नागरिक सैफुल्ला पराचा था। पराचा ने सैन्य अधिकारियों द्वारा की गई पूछताछ में यह स्वीकार किया था कि उसने अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन से अपनी अफगानिस्तान यात्रा के दौरान मुलाकात की थी। यह यात्रा दिसंबर 1999 से जनवरी 2000 के बीच हुई थी। पराचा ने स्वीकार किया था कि ग्यारह सितंबर के हवाई हमलों के बाद और ज्यादा हमलों की योजना के उपर काम किया गया था और उसने ग्यारह सितंबर के हमले के मास्टरमाइंड खालिद मोहम्मद के साथ काम किया था जिसने अपनी सुरक्षा के लिए उसे (पराचा को) पांच लाख से छह लाख अमेरिकी डॉलर दिया था। पराचा के अनुसार उसने परमाणु और जैव हथियारों को प्राप्त करने की संभावना के उपर भी विचार किया था लेकिन उसे यह कहकर मना कर दिया गया कि इन हथियारों को तस्करी करना काफी कठिन होगा। हालांकि इनमें से ज्यादातर साजिशें उस समय नाकाम हो गईं जब अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने शेख मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया था। ग्वांतानामो बे के बारे में लीक हुई इन खुफिया दस्तावेजों में यह भी कहा गया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि ये सभी साजिशें पारिवारिक रूप से जुड़ी हुई हैं क्योंकि इनमें खालिद शेख और उसके भतीजे अम्मार अल-बलूची और पराचा और उसके बेटे उजैर का हाथ है। पराचा को साल 2003 में उसके बेटे उजैर की सूचना के आधार पर बैंकाक से गिरफ्तार किया गया था।