- WHO की दक्षिण-पूर्व एशिया प्रमुख और शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है
- साइमा वाजेद पर WHO और बांग्लादेश की जांच एजेंसियों द्वारा वित्तीय धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं
- साइमा पर चीन की यात्रा से जुड़े वित्तीय धोखाधड़ी और शैक्षणिक योग्यता में गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया है
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के परिवार के लिए एक और बैड न्यूज आई है. विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO की दक्षिण-पूर्व एशिया प्रमुख और शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार उसके पास साइमा वाजेद के इस्तीफे की चिट्ठी है. यह इस्तीफा संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी और बांग्लादेश की जांच एजेंसियों की ओर से चल रही कथित धोखाधड़ी की जांच के बीच दिया गया है.
साइमा वाजेद का यह मामला दिखाता है कि 2024 के बीच में शेख हसीना के खिलाफ हुए जानलेवा आंदोलन और उनके सत्ता से हटने का असर अब उनके परिवार के सदस्यों तक भी पहुंच गया है. इसका असर सिर्फ उनके राजनीतिक समर्थकों तक सीमित नहीं रहा. हसीना के कई समर्थकों पर बांग्लादेश में कथित भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में आपराधिक आरोप हैं. वहीं, हसीना खुद भी भारत में शरण लेने को मजबूर हैं.
रॉयटर्स के अनुसार 3 जुलाई 2026 को साइमा वाजेद के वकीलों की ओर से WHO को भेजी गई एक अलग चिट्ठी उसने देखी है. इसमें बताया गया कि WHO ने साइमा पर “चीन की यात्रा से जुड़े वित्तीय धोखाधड़ी” का आरोप लगाया था. WHO ने यह भी आरोप लगाया था कि साइमा ने अपनी शैक्षणिक योग्यता (कितनी पढ़ाई की है) के बारे में गलत जानकारी दी.
साइमा वाजेद ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है. WHO ने यह भी आरोप लगाया था कि साइमा ने बांग्लादेश में जमीन का एक टुकड़ा गैरकानूनी तरीके से हासिल किया था. इसका जिक्र उन्होंने WHO के डारेक्टर जनरल टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस को भेजी अपनी इस्तीफे की चिट्ठी में किया है. साइमा ने कहा कि उन्होंने यह जमीन WHO में शामिल होने से पहले खरीदी थी. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के एक कानून के तहत वह इस जमीन की हकदार थीं. यह कानून देश के स्वतंत्रता आंदोलन के नेता शेख मुजीबुर रहमान के परिवारों को कुछ अधिकार देता है. शेख मुजीबुर रहमान, शेख हसीना के पिता हैं और साइमा के नाना जी.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार दो सूत्रों ने पहले बताया था कि संयुक्त राष्ट्र की यह एजेंसी साइमा वाजेद को औपचारिक रूप से उनके पद से हटाने की तैयारी कर रही थी. इनमें से एक सूत्र ने बताया कि डब्ल्यूएचओ 12 अक्टूबर को इस पद के लिए नामांकन की घोषणा करेगा. इसके बाद दिसंबर में उम्मीदवारों के आवेदन और उनकी योग्यता की जांच की जाएगी. इसके बाद अगले साल 24 जनवरी को नए क्षेत्रीय निदेशक के लिए चुनाव होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: अगले आतंकवादी बांग्लादेश से निकलेंगे- शेख हसीना के बेटे का डरावना दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं