अगल महीने फ्रांस में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हो सकती है. दरअसल अगल महीने 15 से 17 जून तक फ्रांस में G7 की बैठक होने जा रही है और इसमें अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने पर मुहर लग चुकी है. यह पहले ही आधिकारिक रूप से बता दिया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस सम्मेलन में शामिल होंगे. ऐसे में G7 बैठक से इतर पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात की संभावना बढ़ गई है. पूरी दुनियाभर की नजरें मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात पर होगी क्योंकि दोनों के बीच 16 महीने बाद कोई मुलाकात होगी. माना जा रहा है कि दोनों नेता व्यापार, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत कर सकते हैं.
ट्रंप के दौरे पर मुहर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जून में फ्रांस में होने वाली जी7 नेताओं की बैठक में शामिल होंगे और एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप इस बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), व्यापार और अपराध रोकने जैसे मुद्दों पर बात करना चाहते हैं. बताया गया है कि ट्रंप अमेरिकी मदद को व्यापार से जोड़ने, अमेरिका में बने AI टूल्स को दुनिया में बढ़ावा देने और जरूरी खनिजों की सप्लाई चेन पर चीन की पकड़ कम करने जैसे मुद्दों को उठाएंगे.
इस साल G7 की मेजबानी फ्रांस कर रहा है. नेताओं की यह बैठक 15 से 17 जून तक फ्रेंच आल्प्स पहाड़ों के पास झील किनारे बसे शहर एवियन-ले-बैंस में होगी. ईरान युद्ध समेत कई मुद्दों को लेकर ट्रंप और जी7 के कई देशों के नेताओं के रिश्तों में हाल के समय में तनाव बढ़ा है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी और मेलोनी की नई सेल्फी वायरल, इटली पहुंचते दो दोस्तों की कुछ यूं हुई मुलाकात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं