Quick Reads
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
कैदी से मुलाकात के बाद पाकिस्तानी उच्चायोग ने कहा कि उसकी हालत से पता चलता है कि जम्मू की जेल में उसे बुरी तरह पीटा गया, वह अत्यंत क्रूर हमले का शिकार हुआ है, जो चिंता का विषय है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने इस बात की जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा, "पाकिस्तानी अधिकारी चंडीगढ़ के अस्पताल में घायल कैदी से मिले और उसकी देखभाल कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत की।"
पाकिस्तान उच्चायोग ने अपने एक बयान में कहा, "पाकिस्तानी अधिकारियों ने शनिवार तड़के 3 बजे सनाउल्लाह रंजय से मुलाकात की।" उन्होंने अस्पताल के चिकित्सा बोर्ड से भी मुलाकात की।
उच्चाआयोग ने अपने बयान में कहा, "डॉक्टरों के अनुसार सनाउल्लाह की हालत में ज्यादा सुधार नहीं देखा गया है, उसके अंग ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं। उसकी हालत से पता चलता है कि जम्मू की जेल में उसे बुरी तरह पीटा गया, वह अत्यंत क्रूर हमले का शिकार हुआ है, जो चिंता का विषय है।"
जम्मू की कोट बलवाल जेल में सजा काट रहा पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह रंजय शुक्रवार को एक अन्य भारतीय कैदी द्वारा हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान ने उसे तुरंत रिहा किए जाने व उसके देश भेजे जाने की मांग की।
शुक्रवार को भारत ने पाकिस्तान के तीन अधिकारियों को चंडीगढ़ के पोस्ट-ग्रैज्युएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में भर्ती सनाउल्लाह रंजय से मिलने की अनुमति दी।
वह शुक्रवार की सुबह एक कैदी से तकरार हो जाने पर हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गौरतलब है कि घटना भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की पाकिस्तान में हुई मौत के ठीक अगले दिन घटी। सरबजीत पर पाकिस्तान की जेल में जानलेवा हमला हुआ था जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं