विज्ञापन
This Article is From Jul 28, 2012

कश्मीर में पाकिस्तान सीमा पर निर्माणाधीन सुरंग मिली

जम्मू: जम्मू एवं कश्मीर के साम्बा सेक्टर में पाकिस्तान सीमा पर सैन्य चौकी के निकट 'निर्माणाधीन' सुरंग मिली है। यह सुरंग पाकिस्तान की ओर निकलती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इसरार खान ने शनिवार को बताया कि चिनारी सीमा के निकट शुक्रवार को एक किसान को धंसी हुई भूमि दिखाई दी। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी तारों की बाड़ से कुछ ही दूर पर स्थित है।

खान ने कहा, "हमने इसके विषय में सीमा सुरक्षा बल को जानकारी भेज दी और आज (शनिवार) खुदाई कराई गई। सुरंग की ऊंचाई एवं परिधि तीन फीट है और आक्सीजन की आपूर्ति के लिए इसके समानांतर पाइप लगी हैं। सुरंग 400-500 मीटर लम्बी प्रतीत होती है।" यह सुरंग तारों की बाड़ के नीचे से गुजरती है जिसे घुसपैठ रोकने के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा, "हमारा आकलन है कि सुरंग का निर्माण अभी चल रहा था।"

पाकिस्तानी चौकी लेम्ब्रियाल एवं भारतीय चौकी चिनारी के बीच की दूरी महज 500 मीटर है। उन्होंने कहा कि इलाके में घना वन होने के कारण सीमापार की गतिविधियों को देखा नहीं जा सकता।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामले की जांच के बाद विस्तृत जानकारी मिल पाएगी परंतु प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि सुरंग का निर्माण घुसपैठ एवं हथियारों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir, कश्मीर, पाकिस्तान सीमा, Pakistan Border, निर्माणाधीन सुरंग
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com