अमेरिका के हमले के बाद अब ईरान ने पलटवार किया है. ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के अनुसार ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी हमलों के जवाब में उन्होंने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सेना के दर्जनों ठिकानों पर हमला किया. इस बयान में कहा गया कि अमेरिकी हमलों के शुरुआती जवाब में, IRGC की नेवी और एयरोस्पेस फोर्स ने मिलकर मिसाइल और ड्रोन ऑपरेशन चलाया और इन दोनों देशों में अमेरिका के 85 अहम सैन्य ठिकानों पर हमला किया. साथ ही ईरान ने एक MQ-9 ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया है.
बुधवार को कुवैती सेना ने भी कहा कि वह मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है. सेना ने X पर कहा, "कुवैती एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रहे हैं." लेकिन यह नहीं बताया कि ये हमले कहाँ से हो रहे हैं. सेना के जनरल स्टाफ का कहना है कि जो भी धमाके सुनाई दे रहे हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन के हमलों को रोकने की वजह से हो रहे हैं.
पहले अमेरिका ने दहलाया
होर्मुज में तीन कमर्शियल जहाजों पर हमले के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमले किए. अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज तट से लगे इलाके में ईरानी सैन्य ठिकानों पर अमेरिका ने जो नए हवाई हमले किए हैं, वे दस दिन पहले हुए हमलों की तुलना में चार या पांच गुना बड़े थे. अमेरिका के एक अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि ईरान बात नहीं मान रहा है, इसलिए अमेरिका अब आवाज बढ़ा रहा है यानी हमला और तेज कर रहा है. हमले से पहले ही अमेरिका ईरानी तेल पर फिर से प्रतिबंध लगा चुका था.
Axios की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने अपने हमलों में ईरान के एयर-डिफेंस सिस्टम, जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, तटीय निगरानी सिस्टम, एंटी-शिप क्रूज मिसाइल साइट्स, बंदरगाह की सुविधाएं और ड्रोन लॉन्च साइट्स को निशाना बनाया. ईरानी मीडिया की खबरों के मुताबिक बंदर अब्बास और सिरिक जैसे बंदरगाह शहरों के साथ-साथ केशम द्वीप (Qeshm Island) पर भी धमाकों की आवाज सुनी गई.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार केशम द्वीप पर कम से कम छह बार धमाकों की आवाज सुनी गई, सिरिक में सात से नौ बार और बंदर अब्बास में 10 बार धमाके हुए.
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान फिर दागने लगे गोले, क्या टिक पाएगा सीजफायर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं