भारतीय मूल की मीनू बत्रा के लिए पिछले कुछ हफ्ते किसी बुरे सपने से कम नहीं थे. वह 35 साल से अमेरिका में रह रही हैं. मार्च में उन्हें गिरफ्तार किया गया था. लेकिन अब वह रिहा हो गईं हैं. टेक्सास की अदालतों में हिंदी, पंजाबी और उर्दू की इकलौती लाइसेंस प्राप्त दुभाषिया (इंटरप्रेटर) मीनू बत्रा को आखिरकार अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) की हिरासत से रिहाई तब मिली जब एक संघीय न्यायाधीश ने उनकी हिरासत की वैधता पर कड़े सवाल उठाते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने का आदेश दिया है.
एयरपोर्ट से हुई थी अचानक गिरफ्तारी
53 साल की मीनू बत्रा को 17 मार्च को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह एक पेशेवर काम के सिलसिले में मिल्वौकी जाने के लिए टेक्सास के वैली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर थीं. वहां से उन्हें रेमंडविले की 'एल वैले डिटेंशन फैसिलिटी' में भेज दिया गया. मीनू ने अपनी हिरासत के दौरान बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद दुखद और अपमानजनक था. उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा महसूस कराया गया जैसे मैं कोई अपराधी हूं."
अदालत ने क्या कहा?
संघीय न्यायाधीश ने मीनू बत्रा की रिहाई का आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें बिना किसी ठोस स्पष्टीकरण या उचित प्रक्रिया के हिरासत में रखा गया था. जज ने टिप्पणी की कि हिरासत में लेने से पहले उन्हें कोई 'प्रक्रियात्मक सुरक्षा' प्रदान नहीं की गई. अदालत ने भविष्य में उचित नोटिस के बिना उनकी दोबारा गिरफ्तारी पर भी रोक लगा दी है.
मीनू के वकील ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह आदेश इस बात की तस्दीक करता है कि सरकार पहले किसी को गिरफ्तार करके बाद में उसे जायज नहीं ठहरा सकती. उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर सरकार किसी को गिरफ्तार करना चाहती है, तो उसे नोटिस देना होगा और उस व्यक्ति को अपनी बात रखने का निष्पक्ष मौका मिलना चाहिए.
आखिर क्यों हुई थीं गिरफ्तार?
मीनू बत्रा पिछले 35 वर्षों से अमेरिका में रह रही हैं और उनके चार बच्चे अमेरिकी नागरिक हैं. वह दो दशकों से अधिक समय से एक प्रमाणित कोर्ट इंटरप्रेटर के रूप में काम कर रही हैं. माना जाता है कि वह पूरे टेक्सास में हिंदी, पंजाबी और उर्दू की एकमात्र लाइसेंस प्राप्त दुभाषिया हैं. उनकी गिरफ्तारी पर अमेरिकी कांग्रेस सदस्य जोकिन कास्त्रो ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी.
रिकॉर्ड के अनुसार, मीनू को साल 2000 में निर्वासन का अंतिम आदेश जारी किया गया था. अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने बिना कानूनी अनुमति के देश में प्रवेश किया था और केवल 'वर्क ऑथराइजेशन' होने का मतलब कानूनी नागरिकता या दर्जा नहीं होता.
यह भी पढ़ें: इधर ट्रंप ने फिर से जंग की जताई आशंका, उधर इजरायल ने हिजबुल्लाह के 100 से ज्यादा ठिकानों पर दाग दी मिसाइलें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं