विज्ञापन
This Article is From Nov 29, 2014

नाइजीरिया में अपहृत 3 श्रमिकों में भारतीय भी : रिपोर्ट

नाइजीरिया में अपहृत 3 श्रमिकों में भारतीय भी : रिपोर्ट
लागोस:

नाइजीरिया के बायेलसा राज्य में अपहृत तीन प्रवासी श्रमिकों में एक भारतीय भी शामिल है।

द न्यूज ने शनिवार को अपने ऑनलाइन संस्करण पर जारी रिपोर्ट में कहा है कि अपहरण की घटना शुक्रवार को घटी थी और श्रमिकों को ओगबिया परिषद इलाके में एमाकलाकला कस्बे से अगवा किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक अगवा श्रमिकों में से दो पाकिस्तान के हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाम न जाहिर करने की गुजारिश के साथ कहा कि उसने देखा कि पहले हवा में गोलियां चलाई गईं और उसके बाद श्रमिकों को वहां इंतजार कर रही एक तेज गति वाली नांव में जबरन बिठा दिया गया।

राज्य के संयुक्त कार्य बल के प्रवक्ता अंका मुस्तफा ने कहा, 'पीड़ितों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए एक गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।'

नाइजीरिया, अफ्रीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और प्रमुख ऊर्जा उत्पादक है। लेकिन अपहरण की घटनाओं के मामले में दुनिया के सर्वाधिक कुख्यात देशों में से है।

फरवरी में प्रस्तावित देश के आम चुनाव से पहले अपहरण की घटनाओं में वृद्धि की संभावना है, क्योंकि कुछ राजनीतिज्ञ आपराधिक नेटवर्कों के जरिए हासिल धन का इस्तेमाल अपने चुनाव अभियान में करते हैं।

अक्टूबर के अंत में लुटेरों ने डेल्टा क्षेत्र में लगातार हमले कर कम से कम नौ लोगों का अपहरण कर लिया था, जबकि लागोस के नजदीक ओगुन राज्य में बंदूकधारियों ने एक जर्मन निर्माण श्रमिक की हत्या कर दी थी और एक अन्य श्रमिक का अपहरण कर लिया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com