विज्ञापन

हिज्बुल्लाह चीफ नईम कासिम का सेक्रेटरी मारा गया, इजरायल ने किया बेरूत में मारने का दावा

Hezbollah Chief Secretary Killed: इजरायली सेना का दावा- लेबनान की राजधानी बेरूत में किए हमले में हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम के पर्सनल सेक्रेटरी और भतीजे अली यूसुफ हर्शी की मौत हो गई है.

हिज्बुल्लाह चीफ नईम कासिम का सेक्रेटरी मारा गया, इजरायल ने किया बेरूत में मारने का दावा
Israel Attack on Hezbollah: हिज्बुल्लाह ईरान के सबसे बड़े सहयोगियों में से एक है (फाइल फोटो)

Israel Attack on Hezbollah, Chief Secretary Killed: इजरायल ने दावा किया है कि उसने रात भर लेबनान की राजधानी बेरूत पर किए हमले में हिज्बुल्लाह चीफ नईम कासिम के भतीजे यूसुफ हर्शी को मार गिराया है. यूसुफ हर्शी हिज्बुल्लाह चीफ का पर्सनल सेक्रेटरी भी था. इजरायली सेना के बयान में कहा गया, "कल, सेना ने बेरूत क्षेत्र में हमला किया और हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम के पर्सनल सेक्रेटरी और भतीजे अली यूसुफ हर्शी को मार गिराया है."

इस बयान में बताया गया है कि हर्शी हिज्बुल्लाह चीफ कासिम का करीबी सहयोगी और निजी सलाहकार था और उसने हिज्बुल्लाह चीफ के ऑफिस को मैनेज करने और सुरक्षा में केंद्रीय भूमिका निभाई थी.

सीजफायर के बावजूद लेबनान में इजरायल का हमला जारी

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर डील के बाद बावजूद लेबनान में हिंसा नहीं रुकी है. वहां खूनखराबा थमने की जगह और बढ़ गया है. लेबनान पर इजरायल ने 30 सालों में सबसे बड़ा हमला किया है. इजरायल का दावा है कि वह लेबनान में बसे हिज्बुल्लाह को निशाना बना रहा है. अमेरिका और इजरायल का दावा है कि सीजफायर डील में यह शामिल नहीं था कि लेबनान में भी हमला रोका जाएगा. 

जंग के पहले दिन ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के मारे जाने के बाद हिज्बुल्लाह ने 2 मार्च को इजरायल पर हमला किया था. इसके बाद से ही इजरायल ने लेबनान पर हमला कर दिया है. हमला न सिर्फ हवाई था, बल्कि जमीन के रास्ते भी सेना भेजी गई है. लेबनान में अबतक 1500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

हिज्बुल्लाह भी कर रहा जवाबी हमला

सीजफायर डील के बावजूद इजरायल के हमले के बाद हिज्बुल्लाह ने भी जवाबी हमला किया है. गुरुवार, 9 अप्रैल को ईरान समर्थित इस उग्रवादी समूह ने कहा कि उसने अमेरिका-ईरान सीजफायर के "उल्लंघन" के जवाब में इजरायल की ओर रॉकेट दागे हैं. हिज्बुल्लाह ने कहा कि उसे लेबनान भर में इजरायली हमलों का जवाब देने का "अधिकार" है. हिज्बुल्लाह ने एक बयान में कहा, "दुश्मन द्वारा सीजफायर समझौते के उल्लंघन के जवाब में हिजबुल्लाह ने गुरुवार तड़के लेबनान की सीमा के पास मनारा के इजरायली किबुत्ज को रॉकेट बैराज से निशाना बनाया."

यह भी पढ़ें: हिज्बुल्लाह को ईरान से बड़ा दुश्मन क्यों मानता है इजरायल? सीजफायर के बावजूद बमबारी की 7 वजहें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com