- रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार को गुस्से में चेतावनी दी.
- पत्रकार के मोबाइल फोन पर बात करने पर लावरोव ने उसे बाहर जाने और फोन सौंपने का निर्देश दिया.
- लावरोव ने सुरक्षाकर्मियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि फोन न देने पर वे गन निकाल सकते हैं.
BRICS बैठक के लिए भारत आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का एक वीडियो दुनियाभर में सुर्खियों में है. नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लावरोव अचानक गुस्से में भड़क गए और एक पत्रकार को ऐसी चेतावनी दे दी कि पूरे हॉल में सन्नाटा छा गया. उनका यह 'खौफनाक अवतार' कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
क्या हुआ प्रेस कॉन्फ्रेंस में?
दरअसल, लावरोव एक अहम वैश्विक मुद्दे पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान एक पत्रकार लगातार मोबाइल फोन पर बात करने लगा. पहली बार लावरोव ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बार-बार व्यवधान हुआ तो उनका धैर्य जवाब दे गया. उन्होंने सीधे पत्रकार को रोकते हुए कहा, 'मैं मजाक नहीं कर रहा हूं, आप यहां से बाहर जाइए.'
🫣 “Can you just leave us, ah?” — Lavrov once again showcased the Kremlin's signature style of diplomacy
— NEXTA (@nexta_tv) May 15, 2026
Russia's foreign minister stunned the audience in India with his “flawless” English, then started threatening a man in the crowd with a gun if he didn't put his phone away.… pic.twitter.com/mWRjMdjKYn
‘गन निकालने' की धमकी से हड़कंप
जब पत्रकार ने तुरंत बाहर जाने में आनाकानी की, तो लावरोव का लहजा और सख्त हो गया. उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की ओर इशारा करते हुए कहा, 'अगर आपने अभी फोन नहीं सौंपा, तो वे गन निकाल सकते हैं… आपको पता है ना?' इस बयान के बाद वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए. कूटनीतिक मंच पर इस तरह का तीखा व्यवहार बेहद असामान्य माना जाता है.
यह भी पढ़ें- भारत में BRICS के मंच से ईरान की अमेरिका-इजरायल को दो टूक, अराघची बोले- "न झुके हैं, न कभी झुकेंगे"
कूटनीति पर भी आक्रामक तेवर
इस पूरी घटना के अलावा लावरोव ने प्रेस ब्रीफिंग में कई बड़े बयान भी दिए. उन्होंने ईरान संकट पर चीन का बचाव किया. पुतिन और ट्रंप के रिश्तों की तारीफ की. इसके अलावा लावरोव ने यूरोप, खासकर जर्मनी पर तीखा हमला बोला. लावरोव ने यहां तक कह दिया कि यूरोप ने यूक्रेन संकट को सुलझाने का आखिरी मौका गंवा दिया है.
कौन हैं सर्गेई लावरोव?
बता दें कि सर्गेई लावरोव रूस के सबसे अनुभवी और कड़े विदेश मंत्रियों में गिने जाते हैं. वे लंबे समय से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी माने जाते हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने आक्रामक और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हैं.
सोशल मीडिया पर लावरोव का यह 'गुस्से वाला मोमेंट' अब ग्लोबल चर्चा का विषय बन चुका है और इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं