विज्ञापन
This Article is From Jul 19, 2025

डोनाल्‍ड ट्रंप ने वॉल स्‍ट्रीट जर्नल और रूपर्ट मर्डोक पर 10 अरब डॉलर का मुकदमा ठोका

डोनाल्‍ड ट्रंप ने फ्लोरिडा के दक्षिणी जिले की संघीय अदालत में डॉव जोन्स, न्यूज कॉर्प, रूपर्ट मर्डोक और वॉल स्ट्रीट जर्नल के दो पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है.

डोनाल्‍ड ट्रंप ने वॉल स्‍ट्रीट जर्नल और रूपर्ट मर्डोक पर 10 अरब डॉलर का मुकदमा ठोका
  • डोनाल्ड ट्रंप ने वॉल स्ट्रीट जर्नल और रूपर्ट मर्डोक सहित मालिकों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है.
  • अखबार की रिपोर्ट में 2003 में एपस्टीन को भेजे गए अश्लील चित्र और जन्मदिन की शुभकामनाओं के आरोपों को ट्रंप ने झूठा बताया है.
  • ट्रंप ने मुकदमे में कम से कम दस अरब डॉलर का हर्जाना मांगा है और गंभीर वित्तीय नुकसान होने का दावा किया है.
वाशिंगटन:

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट जर्नल और रूपर्ट मर्डोक सहित उसके मालिकों पर मुकदमा दायर किया है. ट्रंप ने 2003 में जेफरी एपस्टीन को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजने की अखबार की रिपोर्ट को लेकर यह मुकदमा दाखिल किया है और 10 अरब डॉलर का हर्जाना देने की मांग की है. अखबार की रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रंप ने जन्‍मदिन की शुभकामनाओं के साथ एक अश्लील चित्र भेजा था और दोनों द्वारा साझा रहस्‍यों का संदर्भ दिया था.

अदालत में डॉव जोन्स, न्यूज कॉर्प, रूपर्ट मर्डोक और वॉल स्ट्रीट जर्नल के दो पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. मियामी की संघीय अदालत में दायर इस मुकदमे में अखबार और उसके पत्रकारों पर "जानबूझकर और लापरवाही से" "कई झूठे, मानहानिकारक और अपमानजनक बयान" प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया है, जिससे राष्ट्रपति को "भारी वित्तीय और प्रतिष्ठा को नुकसान" पहुंचा है

अखबार के लेख प्रकाशित करने के बाद विवाद

डोनाल्‍ड ट्रंप पर अखबार ने एपस्टीन के साथ उनके संबंधों को लेकर एक लेख प्रकाशित किया था. लेख में एक अश्लील पत्र का वर्णन किया गया था, जिसके बारे में अखबार का कहना है कि उसमें ट्रंप का नाम था और जिसे एपस्टीन के 50वें जन्मदिन के लिए संकलित 2003 के एक एल्बम में शामिल किया गया था.

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, "मैं रूपर्ट मर्डोक और उनके 'कूड़े के ढेर' अखबार,WSJ के खिलाफ अपने मुकदमे में उनकी गवाही का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं. यह एक दिलचस्प अनुभव होगा!!!"

ट्रंप ने आरोपों को बताया झूठा और अपमानजनक

अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने जर्नल की रिपोर्ट का पुरजोर खंडन किया. उन्‍होंने पत्र लिखने से इनकार किया और अखबार की रिपोर्ट को "झूठा, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक" बताया.

ट्रुथ सोशल साइट पर एक पोस्ट में ट्रंप ने इस मुकदमे को एबीसी और सीबीएस सहित समाचार आउटलेट्स को दंडित करने के अपने प्रयासों का हिस्सा बताया, जिन्होंने राष्ट्रपति द्वारा मामले को अदालत में ले जाने के बाद उनके साथ करोड़ों डॉलर के समझौते किए थे.

उन्होंने लिखा, "यह मुकदमा न केवल आपके पसंदीदा राष्ट्रपति, मेरे लिए, बल्कि उन सभी अमेरिकियों के लिए भी दायर किया गया है जो अब फेक न्यूज़ मीडिया के अपमानजनक और गलत कामों को बर्दाश्त नहीं करेंगे."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Wall Street Journal, Trump Sues Wall Street Journal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com