विज्ञापन

अमेरिकी चुनाव में डमी कैंडिटेड पर बवाल; वोट कटने के डर से ट्रंप परेशान, हेमा मालिनी-राहुल गांधी की सीट याद आयी

भारत में राहुल गांधी, रघुल गांधी और हेमा मालिनी जैसे डमी उम्मीदवारों की कहानियां पहले सुर्खियां बन चुकी हैं. अब अमेरिका के अलास्का में भी ऐसा ही मामला राजनीतिक भूचाल का कारण बन गया है. डोनाल्ड ट्रंप इसे चुनावी साजिश और वोटर फ्रॉड बता रहे हैं.

अमेरिकी चुनाव में डमी कैंडिटेड पर बवाल; वोट कटने के डर से ट्रंप परेशान, हेमा मालिनी-राहुल गांधी की सीट याद आयी
मिड टर्म चुनाव के दौरान डमी कैंडिडेट पर अमेरिका में बवाल, ट्रंप ने उठाए वोटर फ्रॉड के आरोप
अल्टर्ड बाय NDTV
  • अमेरिका में डमी उम्मीदवार पर सियासी तूफान, ट्रंप ने अलास्का चुनाव को बनाया बड़ा मुद्दा
  • भारत के हेमा मालिनी और राहुल गांधी केस जैसी कहानी अब अमेरिका में
  • डेमोक्रेट्स पर ट्रंप का बड़ा हमला, चुनावी साजिश का लगाया आरोप
वाशिंगटन:

भारत में चुनावों के दौरान एक ही नाम वाले उम्मीदवारों का चुनाव मैदान में उतरना कोई नई बात नहीं है. कभी मथुरा में हेमा मालिनी के सामने दूसरी हेमा मालिनी दिखीं तो कभी राहुल गांधी के खिलाफ दूसरे राहुल गांधी और रघुल गांधी मैदान में उतरे. लेकिन अब ऐसा ही मामला अमेरिका के अलास्का में राजनीतिक भूचाल का कारण बन गया है. सीनेट चुनाव में दो डेनियल सुलिवन उम्मीदवारों की मौजूदगी पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सवाल खड़े कर दिए हैं और इसे चुनावी धांधली से जोड़कर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया है.

अलास्का चुनाव में हो गया बवाल

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले अलास्का सीनेट सीट पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. रिपब्लिकन पार्टी के मौजूदा सीनेटर डेनियल सुलिवन का मुकाबला डेमोक्रेट उम्मीदवार मैरी पेलटोला से है. लेकिन इसी चुनाव में एक तीसरे उम्मीदवार डेनियल सुलिवन भी मैदान में हैं, जो पेशे से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं.

न्यूयॉर्क टाइम्स-सिएना सर्वेक्षण में डेमोक्रेट उम्मीदवार को 51 प्रतिशत और डेनियल सुलिवन को 45 प्रतिशत समर्थन मिलने का अनुमान जताया गया है. यदि सीनेट का नियंत्रण तय करने में अलास्का निर्णायक साबित हुआ तो यह विवाद और गहरा सकता है.

यदि रिपब्लिकन पार्टी सीनेट का नियंत्रण खो देती है और प्रतिनिधि सभा में भी हार का सामना करती है, तो ट्रंप के लिए यह बड़ा राजनीतिक झटका होगा. 100 सदस्यीय सीनेट का नियंत्रण कुछ अहम राज्यों पर निर्भर माना जा रहा है, जिनमें अलास्का भी शामिल है.

ट्रंप ने लगाए वोटर फ्रॉड के आरोप

रिपोर्ट सामने आने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि अलास्का के डेमोक्रेट मतदाताओं को भ्रमित करने और रिपब्लिकन उम्मीदवार के वोट काटने के लिए समान नाम वाले उम्मीदवार को मैदान में लाए हैं. ट्रंप ने इसे 'हाई लेवल का वोटर फ्रॉड' बताते हुए न्याय विभाग से जांच की मांग की. उन्होंने डेमोक्रेट उम्मीदवार मैरी पेलटोला को चुनावी मैदान से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की.

जांच तेज होने से बढ़ी सियासी गर्मी

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी न्याय विभाग ने मामले की जांच तेज कर दी है और ग्रैंड जूरी के लिए कई नए समन जारी किए गए हैं. हालांकि चुनावी विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी कानून में किसी व्यक्ति को केवल इसलिए चुनाव लड़ने से नहीं रोका जा सकता क्योंकि उसका नाम किसी दूसरे उम्मीदवार से मेल खाता है. मतपत्र पर दोनों उम्मीदवारों की पहचान अलग-अलग तरीके से स्पष्ट की गई है.

भारत में भी सामने आ चुके हैं डमी उम्मीदवारों के मामले

भारत में एक ही नाम वाले उम्मीदवारों का चुनाव लड़ना कई बार चर्चा का विषय बन चुका है. 2014 के लोकसभा चुनाव में मथुरा से अभिनेत्री और भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी के खिलाफ एक अन्य हेमा मालिनी भी मैदान में थीं. इसी तरह 2019 में वायनाड से राहुल गांधी के खिलाफ राहुल गांधी और रघुल गांधी नाम के उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतरे थे. 2024 में ऐसे उम्मीदवारों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की गई थी. हालांकि अदालत ने कहा था कि किसी व्यक्ति के नाम के आधार पर उसके चुनाव लड़ने के अधिकार को नहीं रोका जा सकता.

अजित जोगी का चर्चित प्रयोग

भारत में डमी उम्मीदवारों की चर्चा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के एक पुराने चुनावी प्रयोग को लेकर भी होती रही है. 2014 के महासमुंद लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार चंदूलाल साहू के खिलाफ कई अन्य चंदूलाल और चंदूराम नाम के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे. हालांकि इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार ने मामूली अंतर से चुनाव जीत लिया था.

यह भी पढ़ें : मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप की लोकप्रियता रिकॉर्ड निचले स्तर पर; जानें क्यों बढ़ी टेंशन?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Midterm Elections 2026, US Midterm Elections, Alaska, Dummy Candidate, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com