विज्ञापन
This Article is From Mar 17, 2023

यूपी में एक पखवाड़े तक 258 केन्द्रों पर होगा बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन

उत्तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से एक अप्रैल तक चलेगा

यूपी में एक पखवाड़े तक 258 केन्द्रों पर होगा बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन
प्रतीकात्मक फोटो.
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षा परिषद द्वारा कराई गई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार, 18 मार्च से एक अप्रैल तक चलेगा. सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, प्रदेश में नकल विहीन बोर्ड परीक्षाएं संपन्न होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी बिना किसी बाधा के 15 दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है.

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के त्रुटिरहित निरपेक्ष मूल्यांकन के लिए प्रदेश भर में 258 मूल्यांकन केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 3.19 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए करीब 1.44 लाख परीक्षकों को नियुक्त किया गया है.

उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्रों और परीक्षकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं.

इस एक पखवाड़े में हाईस्कूल की करीब 1.86 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 89,698 परीक्षक करेंगे. वहीं इंटरमीडिएट की 1.33 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 54,235 परीक्षक लगाए गए हैं.

शुक्ल ने बताया कि मूल्यांकन केन्द्रों के चारों ओर 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई है, साथ ही मूल्यांकन अवधि तक कम से कम चार सशस्त्र पुलिस गार्ड की भी तैनाती कराए जाने तथा स्थानीय अभिसूचना इकाई/पुलिस कर्मियों की सादी वर्दी में तैनाती कराए जाने की व्यवस्था की गई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Valuation, Board Exam, Uttar Pradesh Board Of Secondary Education
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com