विज्ञापन
This Article is From Oct 17, 2017

बेसहारों के साथ दीपावली की खुशियां बांटेगी यूपी पुलिस, DGP ने जारी किया फरमान

18 अक्टूबर की शाम 7 से 8 के बीच सभी अनाथ आश्रमों और वृद्धाश्रमों में मिठाई, दीया, मोमबत्ती, फल-फूल उपलब्ध करा कर दीपावली मनाई जाएगी.

बेसहारों के साथ दीपावली की खुशियां बांटेगी यूपी पुलिस, DGP ने जारी किया फरमान
यूपी पुलिस ने बीते साल भी गरीब और बेसहारा लोगों के साथ दीपावली मनाई थी
लखनऊ: 'घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूं कर लें, किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाये' मशहूर शायर निदा फाजली की इस गजल से मानो प्रेरणा लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने मानवीय पहल की है. यूपी के डीजीपी सुलखान सिंह ने सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को सर्कुलर भेजकर बेसहारों के साथ दीवाली मनाने का हुक्म सुनाया है. इस दौरान सभी पुलिसकर्मी  अपने-अपने इलाकों में मौजूद अनाथ आश्रमों और वृद्धाश्रमों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे और वहां दीवाली की खुशियां बांटेंगे. 

पढ़ें:  इस दीवाली यहां जलाएं दीए, मिलेगा शुभ फल

गौरतलब है कि यूपी पुलिस दीवाली पर दूसरी बार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगी. इससे पहले पूर्व डीजीपी जावीद अहमद के आदेश पर भी पिछले साल प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों ने बेसहारों के साथ दीवाली मनाई थी. 

पूर्व संध्या पर होंगे आयोजन
डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि 19 अक्टूबर को देशभर में दीवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. तमाम अनाथ बच्चे और वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग अपने परिवार या संसाधनों के अभाव में यह त्योहार नहीं मना पाते. इसलिए दीवाली की पूर्व संध्या 18 अक्टूबर की शाम 7 से 8 के बीच ऐसे सभी अनाथ आश्रमों और वृद्धाश्रमों में मिठाई, दीया, मोमबत्ती, फल-फूल उपलब्ध कराया जाएं. इसके अलावा सभी जिलों के पुलिस लाइंस में अनाथ बच्चों के साथ सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएं. सर्कुलर में कहा गया है कि सभी एसएचओ, सर्किल ऑफीसर्स और एडिशनल एसपी इन आयोजनों में खुद मौजूद रहें. जिससे पुलिस की छवि सुधरेगी और कम्युनिटी पुलिसिंग की दिशा में सार्थक कदम होगा.

VIDEO: पुसरहद पर जवानों ने यूं मनाई दिवाली  

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com