विज्ञापन
This Article is From May 21, 2017

यूपी के उन्‍नाव में लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं

उन्नाव की पुलिस अधीक्षक नेहा पांडे ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे मुंबई से लखनऊ जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के 11 डिब्बे उन्नाव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर अचानक पटरी से उतर गये.

यूपी के उन्‍नाव में लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं
हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है
  • रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया
  • हादसे के तुरंत बाद रेलवे के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे
  • यात्रियों को बस और अन्य ट्रेन के जरिये लखनऊ रवाना किया गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
उन्नाव: उत्तर प्रदेश में उन्नाव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर रविवार दोपहर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (22121) के 11 डिब्बे पटरी से उतर गये. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. रेल मंत्रालय ने ट्वीट किया है, 'दुर्घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है और रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.'

हादसे के तुरंत बाद रेलवे और जिला प्रशासन के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और डेढ़ घंटे के भीतर ट्रेन के यात्रियों को बस और अन्य ट्रेन के जरिये लखनऊ रवाना कर दिया गया.

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि कानपुर रेलवे स्टेशन पर तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किये गये हैं. यह नंबर हैं एसटीडी कोड -- 0512 और फोन नंबर हैं.. 2323015, 2323016, 2323017. लखनऊ के हेल्पलाइन नंबर हैं... 9794830973, 9794830975 और 0522-2237677.

उन्नाव रेलवे स्टेशन के अधीक्षक विश्राम सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक समेत रेलवे के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं. उन्नाव की एसडीएम सदर मेघा रूपम ने पत्रकारों को बताया कि एटीएस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी है. डॉग स्‍क्‍वाड पहले ही उन्नाव स्टेशन पर आ चुका है और घटना स्थल की जांच की जा रही है.

उन्नाव की पुलिस अधीक्षक नेहा पांडे ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे मुंबई से लखनऊ जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के 11 डिब्बे उन्नाव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर अचानक पटरी से उतर गये. स्टेशन होने के कारण ट्रेन की गति धीमी थी इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

उन्होंने कहा, ट्रेन वातानुकुलित होने के कारण उसके सभी दरवाजे बंद थे, इसलिए यात्रियों में भी भगदड़ नहीं मची और इससे भी काफी राहत मिली.

इस हादसे पर रेल मंत्रालय ने ट्वीट किया है, ‘‘इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है. रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है. अप लाइन दुरूस्त और सामान्य है, ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो गयी है.’’ रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई इसकी जांच रेलवे के अधिकारियों की टीम के साथ एटीएस के अधिकारी भी करेंगे.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com