विज्ञापन

योगी की गोद में आते ही रो रहे बच्चे हुए शांत, CM बोले- इन्हें पता हम आ गए, इनका भविष्य सुरक्षित, VIDEO

सपा-कांग्रेस पर हमला करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा इनके आंसू सिर्फ माफिया के लिए बहते हैं, माफिया के मरने पर ये लोग आंसू बहाते हैं, गरीब के प्रति ये संवेदनहीन बन जाते हैं. इन्होंने देश, प्रदेश को दुर्गति पहुंचाने के लिए ये दो दल बराबर जिम्मेदार हैं.

योगी की गोद में आते ही रो रहे बच्चे हुए शांत, CM बोले- इन्हें पता हम आ गए, इनका भविष्य सुरक्षित, VIDEO
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की गोद में बच्चे.
  • UP CM योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में 570 करोड़ से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
  • योगी ने विपक्षी दल कांग्रेस और SP पर माफियाराज का आरोप लगाते हुए उन्हें प्रदेश की दुर्गति का जिम्मेदार बताया.
  • उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारें केवल अपने परिवारों के लिए काम करती थीं और गरीबों के प्रति संवेदनहीन थीं.
उन्नाव:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस कार्यक्रम में तब एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब अन्नप्राशन के लिए पहुंचे बच्चे योगी की गोद में जाते ही चुप हो गए. कुछ देर पहले तक ये बच्चे जोर-जोर से रो रहे थे. लेकिन सीएम योगी की गोद में जाते ही बच्चे शांत हो गए. फिर योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथों ने इन बच्चों का अन्नप्राशन कराया. इस दौरान वहां बच्चों के परिजन के साथ-साथ कई जनप्रतिनिधि और प्रशासन के लोग भी मौजूद थे. 

बच्चे ईश्वर का रूप, इन्हें पता हम हैं तो इनका भविष्य सुरक्षितः योगी

रो रहे बच्चों के शांत होने पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभी मैं देख रहा था, दो बच्चों का अन्नप्राशन कराना था, बच्चे रो रहे थे, जब वो बच्चे मेरे पास आए तो उन्होंने रोना बंद कर दिया. साक्षी जी ने कहा अरे इन्होंने तो रोना बंद कर दिया. मैंने कहा बच्चे ईश्वर का रूप हैं, इन्हें पता है कि हम आ गए हैं तो इनका भविष्य सुरक्षित है!

रामायण काल के राक्षसों का जिक्र कर सपा-कांग्रेस पर बरसे योगी

मालूम हो कि गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में 570 करोड़ से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला किया. योगी ने कहा कि जब सत्ता पोषित इन माफियाओं को जब मैं देखता हूं तो मुझे रामायण याद आता है. रामायण काल मे खर-दूषण, मरीचि, सुबाहु ऐसे ही रहे होंगे, जैसे कांग्रेस सपा के समय में माफियाराज थे.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इनके आंसू सिर्फ माफिया के लिए बहते हैं, माफिया के मरने पर ये लोग आंसू बहाते हैं, गरीब के प्रति ये संवेदनहीन 
बन जाते हैं. इन्होंने देश, प्रदेश को दुर्गति पहुंचाने के लिए ये दो दल बराबर जिम्मेदार हैं.

गांधी-नेहरू और सैफई परिवार से बाहर सोच नहीं पाए कांग्रेस-सपा वालेः योगी

उन्होंने आगे कहा कि जो काम आज डबल इंजन की सरकार कर रही है, उसे कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की सरकारों को करने से किसने रोका था? लेकिन उनमें क्षमता नहीं थी, वो भ्रष्ट थे, सिर्फ अपने परिवार के बारे में सिर्फ सोचते थे. उनके लिए गरीब केवल 2 परिवार थे, कांग्रेस के लिए नेहरू-गांधी परिवार, और समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार! इससे बाहर वो सोच ही नहीं सकते थे. 

भारत का प्रबंधन दुनिया के लिए प्रेरणाः यूपी सीएम योगी 

उन्होंने आगे कहा कि अगर गरीब या राजनीतिक दल आवाज उठाता था, तो न केवल उनकी आवाज़ बंद करते थे, बल्कि व्यापारियों का अपहरण करके तांडव करते थे. उन्होंने आगे कहा कि जब दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही थी, ऊर्जा का भीषण संकट दुनिया के सामने आया था, तब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आर्थिक मंदी में देश की जनता को राहत देने की कार्यवाही रही हो, या फिर ऊर्जा संकट से देश की जनता को उबारने का कार्य रहा हो, भारत ने जो प्रबंधन किया वो दुनिया के लिए प्रेरणा बनी, अन्यथा इस समस्या को देने वाला अमेरिका खुद त्रस्त है. आस्था का भी सम्मान हो रहा है, अर्थव्यवस्था को भी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.

प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही मेरा परिवार, उनके हितों की रक्षा मेरा मिशनः योगी

अगर विकास में बाधा थी तो जब गलत लोग चुनकर जाते थे, गलत लोगों की सरकार बनती थी, उनकी सोच संकुचित थी. एक सोच वह थी जो सैफई को ही प्रदेश मान लेती थी. एक सोच मोदी जी की है, जिसने भारत को ही उन्होंने अपना घर माना, भारत के 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार माना है. मैं बोलता हूं मेरे लिए तो उत्तरप्रदेश ही घर है, 25 करोड़ की जनता ही मेरा परिवार है.  उनके हितों की रक्षा करना, यह हमारे मिशन का पार्ट है.

यह भी पढ़ें - सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बुजुर्गों को सरकार देगी 1500 रुपये मासिक पेंशन, महिलाओं को भी मिलेगा लाभ

लेखक के बारे में
img
अजय कुमार दुबे
Senior Special Correspondent
पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. राजनीतिक, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम से जुड़ी खबरों में जिज्ञासा. उत्तर प्रदेश की राजनीतिक खबरों गतिविधियों पर पैनी नजर. एबी... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Yogi Adityanath News, SP Congress, Unnao, Unnao News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com