- हमीरपुर जिले के गोहांड कस्बे में नई दुल्हन ने पहली रात पति के साथ रहने से इनकार कर दिया था
- दुल्हन मिथिलेश ने पुलिस को बताया कि शादी उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती कराई गई थी
- दूल्हे धरम सिंह ने कहा कि अगर दुल्हन ने पहले मना किया होता तो शादी नहीं करता
यूपी के हमीरपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नई नवेली दुल्हन ने ससुराल पहुंचने के अगले ही दिन बगावत कर दी. पहली रात अपने पति के साथ रहने से इनकार करने के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां घंटों चली हाई-वोल्टेज पंचायत के बाद 'एक रात की दुल्हन' का तलाक हो गया. मामला हमीरपुर के गोहांड कस्बे से जुड़ा है. विलरख गांव की रहने वाली मिथिलेश कुमारी की शादी राठ शहर के बुधौलियाना मोहल्ला निवासी धरम सिंह कुशवाहा के साथ हुई थी. धूमधाम से शादी हुई और दुल्हन विदा होकर अपने ससुराल पहुंची. लेकिन जैसे ही सुहागरात पर दूल्हा और दुल्हन कमरे में पहुंचे, मिथिलेश ने धरम सिंह के साथ रहने से साफ मना कर दिया.
"घरवालों ने मारपीट कर जबरन कराई शादी"
अगली सुबह मामला राठ कोतवाली पहुंच गया. दुल्हन मिथिलेश ने पुलिस के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए. उसका कहना है, वह किसी और युवक से प्यार करती है. यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ, घरवालों ने मारपीट कर जबरदस्ती कराई थी. वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है.
दूल्हे का छलका दर्द: "इतनी बदनामी तो न होती"
वहीं, दूल्हा धरम सिंह हाथ मलता रह गया. उसका कहना है कि अगर दुल्हन ने शादी से पहले ही अपनी मर्जी बता दी होती, तो इतनी बदनामी नहीं होती और वह शादी ही नहीं करता. शादी की रस्मों और सामाजिक प्रतिष्ठा पर आए इस संकट से दूल्हा पक्ष काफी आहत नजर आया.
राठ कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक मान-मनौव्वल और पंचायत चली. पुलिस ने भी दुल्हन को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही. अंततः कोई रास्ता न निकलता देख आपसी सहमति से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ. थाने में ही दोनों का तुरंत तलाक करा दिया गया. दुल्हन अपने परिजनों के साथ वापस अपने मायके लौट गई.
राठ थाना में कोतवाल राकेश सिंह ने बताया, "थाने में दूल्हा और दुल्हन को बहुत समझाया गया, लेकिन जब दुल्हन नहीं मानी तो दोनों पक्षों की आपसी सहमति से तलाक करा दिया गया. दुल्हन अपने परिजनों के साथ चली गई है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं