- संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने होली के जश्न में अपने पुलिस कर्मचारियों के साथ भोजपुरी गानों पर डांस किया
- पुलिस लाइन में मिट्टी खोदकर एक बड़ा गड्ढा बनाया गया, जिसे काली पन्नी से ढककर अस्थायी स्विमिंग पूल बनाया गया
- पुलिस जवानों ने इस स्विमिंग पूल में डुबकी लगाई और रंग गुलाल उड़ाकर होली का उत्सव मनाया
अमूमन खाकी वर्दी और गंभीर भाव में दिखने वाले संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है. मौका था होली के जश्न का, जहां संभल एसपी बिश्नोई पुलिस कर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भोजपुरी गानों पर डांस करते देखे गए. बहजोई पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भोजपुरी सॉन्ग पर झूमे संभल SP
— NDTV India (@ndtvindia) March 6, 2026
संभल में पुलिस लाइन में होली के मौके पर धुरंधर फिल्म और भोजपुरी गानों की धुन पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस जवानों के साथ जमकर डांस करते नजर आए. वीडियो वायरल#Sambhal | #UP | #ViralVideo pic.twitter.com/A3ho7ZQZOR
'शिकारी कैप' और भोजपुरी गानों का तड़का
संभल जनपद के बहजोई मुख्यालय में सुबह डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ओपन जिप्सी से एसपी कार्यालय पहुंचे. जिप्सी में “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” गाना बज रहा था. जैसे ही डीएम जिप्सी से उतरे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार भी की गई. होली के इस जश्न में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सिर पर शिकारी कैप पहने हुए दिखाई दिए. डीजे पर मशहूर फिल्म 'धुरंधर' के ट्रैक और हिट भोजपुरी गाने बजने शुरू हुए, तो एसपी खुद को रोक नहीं पाए. उन्होंने जवानों के बीच जाकर जबरदस्त डांस किया, जिसे देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों का उत्साह दोगुना हो गया.
पुलिस लाइन में बनाया 'देसी स्विमिंग पूल'
होली के इस आयोजन को खास बनाने के लिए पुलिस लाइन में एक अनूठा प्रयोग किया गया. पुलिस लाइन के मैदान में मिट्टी खोदकर एक बड़ा गड्ढा तैयार किया गया. चारों ओर काली पन्नी लगाकर उसमें पानी भरा गया, जिसने एक अस्थाई 'स्विमिंग पूल' का रूप ले लिया. जवानों ने इस पानी के कुंड में एक-दूसरे को डुबकियां लगवाईं और जमकर गुलाल उड़ाया.
तनाव भूलकर झूमे कानून के रखवाले
24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह पल बेहद खास था. एसपी बिश्नोई ने न केवल डांस किया, बल्कि पुलिस जवानों के साथ मिलकर इस त्यौहार की खुशी साझा की, जिससे पुलिस महकमे में एक टीम भावना का संदेश गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं