- गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन युवतियों की मौत हुई और चार गंभीर घायल हुए
- दुर्घटना सुल्तानपुर जनोली के पास हुई जहां सात युवतियां पैदल जा रही थीं और कार ने उन्हें टक्कर मारी
- स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिससे घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुल्तानपुर जनोली के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे के किनारे सात युवतियां पैदल जा रही थीं, तभी तेज गति से आ रही एक बेकाबू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई.
राहत और बचाव कार्य
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया.

हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी (DM) हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. अफसर के मुताबिक, "घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है."
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले वाहन और चालक की तलाश तेज कर दी है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर कार इतनी तेज गति में कैसे पहुंची और क्या हादसे के पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं