- मेरठ के खरदौनी गांव में अलमारी के नीचे छिपे तहखाने में अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है
- पुलिस ने तहखाने से पांच तमंचे, 45 नाल, 48 बट, तीन ड्रिल मशीन और 150 ट्रिगर बरामद किए हैं
- गिरोह के सरगना इमरान और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है
उत्तर प्रदेश के मेरठ में 'डबल बेड' के नीचे हथियारों की फैक्ट्री पकड़े जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब अलमारी के नीचे छिपे तहखाने में संचालित एक और तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. इस फैक्ट्री के स्वरूप को देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए. पुलिस इस बात से हैरान है कि मेरठ के इन गुप्त तहखानों में तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई आखिर कहाँ की जा रही है?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ धीरे-धीरे अवैध हथियारों की मंडी बनता जा रहा है. यहाँ गुप्त तहखानों में अवैध हथियारों की बड़ी खेप तैयार की जा रही है. मेरठ पुलिस उस समय अचंभित रह गई जब वह इंचौली थाना क्षेत्र के खरदौनी गांव में छापेमारी करने पहुँची. यहाँ जब आरोपी इमरान के घर पर छापा मारा गया, तो शुरुआत में कुछ नहीं मिला. लेकिन संदेह होने पर जब एक अलमारी को खोला गया, तो उसके फर्श की तरफ एक छोटा रास्ता दिखाई दिया.
पुलिस ने जब 'लाइव रेड' की, तो पाया कि गैंग लीडर इमरान वहाँ 'मौत का जखीरा' तैयार कर रहा था. किसी को कानो-कान खबर न हो, इसलिए अलमारी के भीतर से तहखाने का रास्ता बनाया गया था. आइए आपको बताते हैं कि कैसे इस अवैध धंधे को अंजाम दिया जा रहा था और पकड़े गए सौदागर इमरान से पुलिस की क्या बात हुई.

meerut illegal weapon factory unearthed under wardrobe basement khardauni village
गिरोह के सरगना इमरान के तीन साथी भी गिरफ्तार
यह अवैध फैक्ट्री मेरठ के खरदौनी गांव में काफी लंबे समय से चल रही थी, लेकिन सब कुछ अंडरग्राउंड होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ. पुलिस ने इस तहखाने से पांच तैयार तमंचे, 45 नाल, 48 तमंचों की बट, तीन ड्रिल मशीन और 150 ट्रिगर बरामद किए हैं. पुलिस ने गिरोह के सरगना इमरान के साथ उसके तीन साथियों नरेंद्र, कुलदीप और उमंग को भी गिरफ्तार कर लिया है.
रेड के बाद हुआ खुलासा
मेरठ के एसपी (देहात) IPS अभिजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि मेरठ स्वाट टीम और इंचौली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खरदौनी गांव में छापेमारी की, जहां इस गुप्त तहखाने का पता चला. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन का पुराना आपराधिक इतिहास भी है.
एक बात तो साफ है कि मेरठ में लगातार अवैध हथियारों की फैक्ट्रियां पकड़ी जा रही हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अब लगभग एक वर्ष का समय शेष है, जिसे देखते हुए यूपी पुलिस पूरी तरह चौकन्नी है. अब पुलिस का मुख्य फोकस इस जांच पर है कि इन तमंचों की सप्लाई कहाँ हो रही है और बाजार में इनकी इतनी बड़ी मांग के पीछे असली वजह क्या है?
meerut illegal weapon factory unearthed under wardrobe basement khardauni village
Meerut Weapon Factory, Illegal Arms Meerut, UP Police Raid, UP News, Uttar Pradesh News, UP Crime news, मेरठ अवैध हथियार फैक्ट्री, इंचौली पुलिस रेड, मेरठ न्यूज, उत्तर प्रदेश अवैध तमंचा, मेरठ क्राइम न्यूज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं