विज्ञापन

मेरठ मर्डर मिस्ट्री: "चैट देखते ही खो बैठा आपा..." प्रेमी ने गन्ने के खेत में की बीए की छात्रा की हत्‍या

उत्तर प्रदेश के मेरठ में लापता बीए फाइनल ईयर की छात्रा ललिता गौतम का शव गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आरोपी प्रेमी अंकुश को हिरासत में लिया है. पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल पर किसी अन्य युवक से बात करने के शक में अंकुश ने गुस्से में आकर ललिता की हत्या कर दी थी.

मेरठ मर्डर मिस्ट्री: "चैट देखते ही खो बैठा आपा..." प्रेमी ने गन्ने के खेत में की बीए की छात्रा की हत्‍या
  • मेरठ जिले के किरोट गांव के पास गन्ने के खेत में ललिता गौतम का शव मिलने से मामला संज्ञान में आया है
  • ललिता गौतम बीए फाइनल ईयर की परीक्षा देने निकली थी और बाद में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी
  • पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक अंकुश को हिरासत में लेकर हत्या का खुलासा किया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां थाना रोहटा क्षेत्र के किरोट गांव के पास गन्ने के खेत में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की शिनाख्त ललिता गौतम के रूप में हुई है. पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी युवक अंकुश को हिरासत में ले लिया है. हत्या की वजह प्रेम संबंधों में शक होना बताई जा रही है. (सनुज शर्मा की र‍िपोर्ट)

पेपर देने निकली थी छात्रा, नहीं लौटी वापस 

जानकारी के अनुसार, ललिता गौतम आगामी 15 मई को अपने घर से बीए फाइनल ईयर की परीक्षा देने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई. जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने काफी खोजबीन की. कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने तुरंत टीपी नगर थाने में ललिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

खेत में मिला शव, जांच में जुटी टीमें

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर डॉक्टरों के एक विशेष पैनल की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के खुलासे के लिए तुरंत 5 अलग-अलग टीमों का गठन किया. परिजनों द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक अंकुश को हिरासत में लिया.

मोबाइल चैट देखकर उपजा शक, फिर कर दी हत्या

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि पुलिस, फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट्स की मदद से आरोपी अंकुश तक अपनी पहुंच बनाई. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जांच में यह बात सामने आई है कि अंकुश और ललिता के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. घटना के दिन अंकुश ने ललिता के मोबाइल में किसी दूसरे युवक से बातचीत (चैट) देख ली थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और शक के चलते अंकुश ने गुस्से में आकर ललिता की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com