- KGMU प्रशासन ने कैंपस में बनी अवैध मजारों को हटाने के लिए एक बार फिर 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है.
- प्रोफेसर केके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस को फिर एक बार जानकारी भेज दी गई है.
- उन्होंने बताया कि प्रशासन इन अवैध मजारों को हटाना चाहता है. पहले कुछ मजारें हटाई भी गईं लेकिन फिर बन गई.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित केजीएमयू (किंग्स जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) पिछले लंबे समय से लगातार चर्चाओं में बना हुआ है. कभी लव जिहाद का मामला आता है, कभी धर्मांतरण का मामला गर्मा जाता है तो अब लंबे समय से अवैध मजारों का मामला चर्चा में बना हुआ है. कॉलेज प्रशासन बार-बार इन मजारों को लेकर नोटिस दे रहा है. इस बार फिर 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है और यह भी कहा गया है कि किसी तरीके की बाधा डालने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
केजीएमयू के प्रोफेसर केके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस को फिर एक बार जानकारी भेज दी गई है. प्रशासन कैंपस से इन अवैध मजारों को हटाना चाहता है. पहले कुछ मजारें हटाई भी गईं लेकिन फिर बन गई. इस बार शासन को पूरी जानकारी दे दी गई है और प्लानिंग तैयार कर ली गई है. कोई विवाद ना हो और मलबा हटाने को लेकर प्रशासन की ओर से तमाम तैयारी कर ली गई है.
सुरक्षा अधिकारियों के साथ भी हुई मीटिंग
यह मजारें केजीएमयू के अलग-अलग हिस्से में बनी हुई है. अलग-अलग विभागों के आसपास इनका निर्माण है. ऐसे में कॉलेज प्रशासन की तरफ से संबंधित विभागों को भी निर्देश दिया गया है. विभाग के मुखिया और सुरक्षा अधिकारियों के संग अलग से बैठक करके रणनीति भी बनाई गई है. इन मजारों को जवाब देने के लिए पहले समय भी दिया गया था. हालांकि सिर्फ एक ही मजार की ओर से जवाब दिया गया.
इस बार अभियान को पूरा करने का दावा
इन मजारों को लेकर कई संगठन बेहद आक्रामक रहे हैं. पिछले दिनों केजीएमयू में धर्मांतरण का मामला सामने आया था, उस वक्त भी काफी विवाद हुआ था. प्रोफेसर केके सिंह ने साफ किया कि इस बार अभियान को पूरा किया जाएगा और सुरक्षा की व्यवस्था भी रखी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं