Lakhimpur Kheri Road Accident: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा सोमवार सुबह 7.30 बजे ईसानगर के उचगाव भरेहता रोड पर हुआ है. जानकारी के मुताबिक, लखीमपुर से मैजिक गाड़ी सवारी भरकर लखीमपुर से सिसैया जा रही थी. इसी दौरान बहराइच की ओर से आ रहे एक ट्रक ने सामने टक्कर मार दी. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. बता दें कि कई लोग सीट के नीचे फंस गए हैं.
मौके पर मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी, जबकि ट्रक बहराइच की ओर से आ रहा था. टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सीएचसी खमरिया भेजा. दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
CM योगी ने जताया गहरा दुख
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. साथ ही सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.
जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 18, 2026
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि…
उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.
(प्रतीक श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं