UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश तीन बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार एक किशोरी का पीछा कर उस पर गोली चला दी. बदमाशों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने बीच सड़क पर अचानक फायरिंग कर दी. गोली किशोरी के पैर के आर-पार हो गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी. घायल किशोरी को तुरंत हरदोई जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. (मोहम्मद आसिफ की रिपोर्ट)
शादी से लौटते समय हुआ हमला
घायल 10 वर्षीय किशोरी मूल रूप से फर्रुखाबाद के कादरी गेट इलाके की रहने वाली है. वह आठ दिन पहले ही अपने ननिहाल ग्राम पारा (हरदोई) में नाना राजबहादुर के घर आई थी. शुक्रवार को वह अपनी मां और भाई के साथ एक शादी समारोह से वापस लौट रही थी. जैसे ही उनका ई-रिक्शा मझिला थाना क्षेत्र के लोकपुर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. गोली चलने की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
मां ने बयां किया खौफनाक मंजर
घायल किशोरी की मां ने रोते हुए बताया कि वे शादी के बाद घर वापस लौट रहे थे. लोकपुर गांव के बाहर ई-रिक्शा चल रहा था, तभी पीछे से चेहरे पर कपड़ा बांधे तीन युवक आए. न तो रिक्शा रुका और न ही बदमाशों की बाइक. चलती बाइक से ही बदमाशों ने सीधे बच्ची पर गोली चला दी और तेजी से फरार हो गए. मां के मुताबिक, उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और गोली क्यों मारी गई, उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं है.
पुलिस की कार्रवाई और एएसपी का बयान
घटना की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बदमाशों की तलाश के लिए घेराबंदी की गई. एएसपी हरदोई, मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि फायरिंग की इस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है. पुलिस ने एक बाल अपचारी (Minor) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- मां दिव्यांग-पिता किसान, बेटी बनी टॉपर, ताना मारने वाले भी कर रहे गर्व; खिला रहे मिठाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं