विज्ञापन

₹50 के चक्कर में बवाल! गोरखपुर में महिला ने रिसेप्शनिस्ट को जड़ा थप्पड़, CCTV में कैद घटना

Gorakhpur Viral Video में ₹50 के डिस्काउंट को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला कस्टमर ने ड्राई क्लीनर्स की रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ मार दिया. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और अंत में माफी के साथ शांत हुआ.

₹50 के चक्कर में बवाल! गोरखपुर में महिला ने रिसेप्शनिस्ट को जड़ा थप्पड़, CCTV में कैद घटना

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शाहपुर थाना क्षेत्र के जेल बाईपास स्थित वस्त्रा ड्राई क्लीनर्स पर 27 मार्च की शाम करीब 6 बजे समिता दास नाम की महिला अपने पिता के साथ कपड़े धुलवाने पहुंची. रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी प्रीति ने कम्बल और दो ब्लेजर की धुलाई का बिल बनाया, जो ₹800 था. बातचीत के बाद इसे ₹750 कर दिया गया, लेकिन महिला ने ₹50 और कम करने की मांग की. जब रिसेप्शनिस्ट ने साफ तौर पर मना कर दिया कि अब और डिस्काउंट संभव नहीं है, तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

गुस्से में जड़ा थप्पड़, बढ़ा मामला

कहासुनी के दौरान महिला अचानक गुस्से में आ गई और उसने रिसेप्शनिस्ट प्रीति को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद उसने धमकी भी दी. घटना यहीं नहीं रुकी, बल्कि महिला के साथ आए उसके पिता ने काउंटर पर रखा बिल वाउचर फाड़कर अपनी जेब में रख लिया और दोनों वहां से चले गए.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

ड्राई क्लीनर्स में लगे CCTV कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मामूली पैसों के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया.

पुलिस पहुंची, बाद में माफी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. दुकान के मालिक धीरज गौड़ ने बताया कि उस समय वह दुकान पर मौजूद नहीं थे, लेकिन सूचना मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी. अगले दिन पुलिस ने महिला और उसके पिता को बुलाया, जहां दोनों ने अपनी गलती मानते हुए रिसेप्शनिस्ट से माफी मांग ली.

आगे की कार्रवाई पर क्या बोले लोग?

पीड़िता प्रीति ने कहा कि फिलहाल माफी मिलने के बाद वह कोई कार्रवाई नहीं करना चाहती हैं, लेकिन अगर भविष्य में ऐसी घटना दोबारा होती है तो वह जरूर कानूनी कदम उठाएंगी. वहीं दुकान मालिक ने भी साफ कहा कि इस तरह की हरकत दोबारा हुई तो सख्त कार्रवाई कराई जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com