- बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही घायल
- किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था बदमाश
- बदमाश के खिलाफ चोरी, लूट और डकैती समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे थे दर्ज
यूपी के बदायूं में डकैती की वारदात में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया. बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही को भी गोली लगी है. घायल दरोगा और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, बदमाश के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, एक बाइक और डकैती में लूटे गए जेवर बरामद हुए हैं.
दरअसल, जिले की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बदायूं-बिजनौर हाईवे स्थित प्रस्तावित जेल के जंगल के पास इस्लामनगर में 19 मई की रात डकैती की वारदात को अंजाम देने वाला 50 हजार रुपये का इनामी जितेंद्र उर्फ ढालू किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सिविल लाइंस पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें शेखूपुर चौकी प्रभारी नीरज कुमार और सिपाही अविनाश गोली लगने से घायल हो गए.
पुलिस की गोली से मारा गया ढालू
पुलिस की जवाबी फायरिंग में जितेंद्र उर्फ ढालू को गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा. पुलिस घायल बदमाश और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र उर्फ ढालू को मृत घोषित कर दिया।
ढालू के खिलाफ लूट और डकैती समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे थे दर्ज
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जितेंद्र उर्फ ढालू ने अपने साथियों के साथ मिलकर 19 मई की रात इस्लामनगर कस्बे में निजाकत के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले में शामिल पांच बदमाशों को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हुए थे, जबकि मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू फरार चल रहा था. उन्होंने बताया कि बदमाश के खिलाफ बदायूं, संभल, हापुड़ और अमरोहा में चोरी, लूट और डकैती समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसके कब्जे से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, डकैती में लूटे गए जेवर और एक बाइक बरामद हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं