विज्ञापन

'दुनिया ने भारत को बदलते देखा', CM योगी ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर गिनाई उपलब्धियां

CM योगी ने कहा कि 1947 से पहले आजादी रौंदी गई, 1947 के बाद नागरिकों को बांटने का काम किया गया. मत, मजहब, संप्रदाय के नाम पर बांटा गया. पहली बार योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जनांदोलन बना.

'दुनिया ने भारत को बदलते देखा', CM योगी ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर गिनाई उपलब्धियां
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब देश के सामने ऐसा लोकप्रिय व दूरदर्शी सोच का नेता किसी देश को मिलता है तो परिणाम आने में देर नहीं लगते. हमने बदलते भारत को देखा है. 2014 के बाद हर व्यक्ति ने 12 वर्षों में बदलते भारत को देखा है. 2014 के बाद के भारत पर आज की युवा पीढ़ी गर्व कर सकती है. भारत ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए, बिना रुके, बिना डिगे अपनी सामर्थ्य का एहसास दुनिया को दिखाया है.

सीएम योगी शुक्रवार को पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर लखनऊ में प्रेस वार्ता की. उन्होंने कहा कि हमने 12 वर्षों में एहसास किया है कि 1947 से पहले भारत में लोगों की आजादी को रौंदा गया था, लेकिन 1947 के बाद भारत के नागरिकों को बांटने का काम भी किया. किसी ने मत, मजहब, संप्रदाय के नाम पर तो बांटा ही, लेकिन फोकस्ड कार्यक्रम और उनके सफलतम क्रियान्वयन को होते नहीं देखा होगा.

पहली बार भारत एहसास कर रहा है कि योजना बनाना ही नहीं, बल्कि उनके सफल क्रियान्वयन के लिए एक जनांदोलन बना देना, यह पहली बार देखा गया है.

12 साल की उपलब्धियों को गिनाया

4 करोड़ परिवारों को उनका सिर ढकने का कार्य हो, या गरीब को अस्पताल में उपचार के लिए 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की योजना. नए उद्यमियों के लिए मुद्रा योजना हो या युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना या भ्रष्टाचार मुक्त भारत में नई पहचान के साथ भारत को आगे बढ़ाना.
ये 12 वर्ष आस्था और आर्थिकी के वृहद संगम के रूप में भी पहली बार देश ने देखा.

पहली बार किसी प्रधानमंत्री या किसी यशस्वी नेता ने ये कहने का साहस किया कि देश में केवल 4 जातियां हैं. पहली गरीब की है, दूसरी आधी आबादी महिलाओं की, एक युवा और एक अन्नदाता किसान की है. इन चारों को राजनीतिक एजेंडा का विषय बनाकर उनके उत्थान के लिए जो कार्यक्रम बने वह अद्भुत है.

25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला

जब मोदी जी ने देश की सत्ता की बागडोर संभाली तब देश की आबादी 120 करोड़ थी और  जो सफलतम कार्यक्रम चलाए गए, उनसे 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उबारने में उन्होंने सफलता प्राप्त की. दुनिया में 25 करोड़ की आबादी सिर्फ भारत, चीन व अमेरिका की है. इन 25 करोड़ लोगों ने अपने जीवन को आगे बढ़ाया है. इसका सर्वाधिक लाभ यूपी को मिला है.

यूपी पहले पहचान को मोहताज था- सीएम

देश की सबसे बड़ी आबादी का राज्य उत्तर प्रदेश कभी पहचान के लिए मोहताज था. पहले राज्य में अराजकता, असुरक्षा, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार था. जिस राज्य के नौजवानों के लिए राज्य में नौकरी तो नहीं थी, लेकिन राज्य के बाहर भी पहचान का मोहताज होकर इन सबसे वंचित होना पड़ता था. उस राज्य ने भी प्रधानमंत्री के इस विजन का लाभ उठाया.

भगवान राम और कृष्ण से करते थे परहेज

सीएम ने आगे कहा कि याद करिये, वो कौन लोग थे, जो भारत की आस्था प्रभु राम से परहेज करते थे. लीलाधारी श्रीकृष्ण के नाम से परहेज करते थे. देवाधिदेव महादेव का नाम लेने में संकोच करते थे और भारत की आस्था को अपमानित करना बहुत से लोगों ने अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझ लिया था. भाजपा के आने के बाद भारत ने पहली बार देखा कि भारत की भी आस्था है, भारत आस्थावान देश है.

500 वर्षों की गुलामी को हटाते हुए अयोध्या में रामजन्मभूमि की सभी जकड़नों को दूर कर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया. भारत के पहले प्रधानमंत्री मोदी हैं, जो अयोध्या के शिलान्यास कार्यक्रम, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और राममंदिर में सनातन की ध्वज पताका का आरोहण में शामिल हुए.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Yogi, Modi Government 12 Years Achievements, PM Modi, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com