- अलीगढ़ के हाथरस वाला पेज इलाके में होली के दिन दिनदहाड़े स्क्रैप कारोबारी के घर डकैती हुई है
- चार नकाबपोश बदमाश होली की बधाई देने के बहाने घर में घुसकर कारोबारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लूटपाट की
- बदमाशों ने तमंचा और चाकू दिखाकर लाखों रुपये नकद और कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए हैं
यूपी के अलीगढ़ में त्योहार की खुशियों के बीच डकैती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शहर में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक स्क्रैप कारोबारी के घर को निशाना बनाया. होली की बधाई देने के बहाने घर में दाखिल हुए चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट की और फरार हो गए. मामला शहर के थाना देहलीगेट क्षेत्र के हाथरस वाला पेज इलाके का है.
होली के रंग में रंगे थे बदमाश, तमंचे पर दी दबिश
घटना दोपहर करीब 1 बजे की है. स्क्रैप कारोबारी विनोद कुमार अपने घर पर थे, तभी होली के रंग में रंगे चार युवक उनके दरवाजे पर पहुंचे. घर वालों को लगा कि कोई परिचित होली मिलने आया है, लेकिन जैसे ही दरवाजा खुला, बदमाशों ने अपना असली रूप दिखा दिया. अंदर घुसते ही बदमाशों ने तमंचे और चाकू निकाल लिए और विनोद कुमार व उनकी पत्नी को बंधक बना लिया. बदमाशों ने घर की अलमारियों को खंगाला और वहां रखे लाखों रुपये की नकदी और कीमती आभूषण लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से मौके से फरार हो गए.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, वीडियो वायरल
दिनदहाड़े हुई इस डकैती से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां कैद बताई जा रही हैं. सूचना मिलते ही थाना देहलीगेट पुलिस और चौकी घुडियाबाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस की कार्रवाई और टीमों का गठन
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है. क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक ने बताया, "होली मिलने के बहाने घर में घुसकर लूट की घटना सामने आई है. पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं