- अजय राय ने दुष्कर्म पीड़िता से मिलने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की.
- अजय राय के विवादित बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमाया और बीजेपी आईटी सेल प्रमुख ने उनकी भाषा की कड़ी आलोचना की.
- कांग्रेस अध्यक्ष ने यूपी पुलिस और महोबा पुलिस अधीक्षक के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया.
उत्तर प्रदेश के महोबा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे सियासी हलचल बढ़ गई है. बताया जा रहा है कि अजय राय दुष्कर्म और अपहरण की पीड़िता छात्रा से मिलने महोबा पहुंचे थे. इसी दौरान समर्थकों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और अभद्र भाषा (गाली) का इस्तेमाल किया. वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और राजनीतिक माहौल गरमा गया है.
अजय राय के विवादित बयान पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि कुछ दिन पहले जब यूपीपीसीसी चीफ अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी. लेकिन आज वही अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए. यही कांग्रेस की राजनीति का स्तर है - शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 22, 2026
पूर्व में कांग्रेस के 'युवराज' भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं।
कांग्रेस अब हताशा,…
अजय राय के विवादित बयान पर अब CM योगी ने पलटवार किया है. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, PM मोदी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है. पूर्व में कांग्रेस के 'युवराज' भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है. अब देश वासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है.

वहीं, उत्तर प्रदेश बीजेपी ने एक्स पोस्ट में कहा, 'कांग्रेसी नस्ल की अशिष्ट फसल. देश के प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना राजनीति नहीं, बल्कि कांग्रेसियों की कुंठा को दर्शाता है. पुरानी कहावत है: पिता पे पूत, नस्ल पे घोड़ा, बहुत नहीं तो थोड़ा-थोड़ा.
इतना ही नहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यूपी पुलिस और महोबा पुलिस अधीक्षक के लिए अपशब्दों का भी प्रयोग किया. अजय राय पर एसपी को धमकी देने और सीओ को भी अपशब्द कहने का आरोप है.
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि ये लोग ‘‘गद्दार'' हैं क्योंकि वे रोजाना संविधान पर हमला कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें : कर्नाटक सरकार ने 2022 दंगों के दौरान दर्ज किए गए मामलों को लिया वापस, BJP ने बताया तुष्टिकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं