- यूपी के मैनपुरी जनपद के बिछवां क्षेत्र की रीता के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये आ गए थे.
- रीता ने एटीएम पर अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते में करीब दस करोड़ रुपए दिखाई दिए थे.
- महिला ने इस बड़ी राशि को निकालने से साफ मना कर दिया और परिवार को भी पैसे न छूने को कहा.
यूपी के मैनपुरी जनपद के बिछवां क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साधारण किसान परिवार की महिला के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये पहुंच गए. इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. बिछवां क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी रीता, पत्नी पारसभान बहेलिया, अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी कर जीवन यापन करती हैं. नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन जब वो बैंक से पैसे निकालने गई थी और किसी कारण से पैसे नहीं निकाल पाई तो उसने अपना एटीएम इस्तमाल करके पैसे निकलना चाहा. एटीएम में जब उसने अपना बेलेंस चेक किया तो उसके होश उड़ गए. उनके खाते में करीब 10 करोड़ रुपए दिखे. जिसे देखकर वो समझ नहीं पाई कि इतनी बड़ी धनराशि कैसे आई.
ATM में दोबारा चेक किया तो बैलेंस देख हुए दंग
महिला ने दुबारा जब बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर जाकर अपना बैलेंस चेक किया तो वह दंग रह गईं. खाते में 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 588 रुपये की भारी-भरकम राशि दिखाई दे रही थी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी उन्होंने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हालांकि, इतनी बड़ी रकम खाते में आने के बावजूद महिला ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक भी रुपया निकालने से इनकार कर दिया. उन्होंने अपने परिजनों को भी साफ तौर पर मना कर दिया कि जब तक स्थिति स्पष्ट न हो जाए, तब तक पैसे को हाथ न लगाया जाए.
बैंक मैनेजर बोले- टेक्निकल फॉल्ट से ऐसा हुआ होगा
बताया गया कि जब महिला और उनके परिजन बैंक पहुंचे तो अवकाश के कारण शाखा बंद थी. इस संबंध में बैंक ऑफ इंडिया की करीमगंज शाखा के प्रबंधक ऋषिकांत पांडे ने बताया कि संभवतः तकनीकी या ट्रांजेक्शन की त्रुटि के चलते ऐसा हुआ है. बैंक खुलने पर जांच कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा. फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और महिला की ईमानदारी की लोग सराहना कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें - रायबरेली में कुम्हार निकला करोड़पति! मिला टैक्स नोटिस तो सामने आई सच्चाई
(मैनपुरी से प्रमोद कुमार पांडे की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं