Prime Minister Internship Scheme: आज के समय में अच्छी नौकरी पाने के लिए सिर्फ पढ़ाई ही काफी नहीं होती, बल्कि काम का अनुभव भी जरूरी होता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PM Internship Scheme) शुरू की गई है. इस योजना के जरिए युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ काम का अनुभव भी मिलता है, जिससे फिर उन्हें भविष्य में नौकरी पाने में आसानी होती है. अब इस योजना में कुछ नए बदलाव किए गए हैं, जिससे ज्यादा युवाओं को इसका फायदा मिल सके. आइए जानते हैं इनके बारे में-
क्या है PM Internship Scheme?
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एक ऐसी पहल है, जिसके तहत युवाओं को बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप करने का मौका मिलता है. इससे आगे नौकरी मिलने में आसानी होती है. यह योजना खासतौर पर उन युवाओं के लिए है, जो पढ़ाई कर रहे हैं या हाल ही में पास आउट हुए हैं, जिन्हें काम का अनुभव लेना है या जो अपने करियर की अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?पहले इस योजना के लिए 21 से 24 साल की आयु निर्धारित थी. हालांकि, अब सरकार ने उम्र सीमा बढ़ाकर 18 से 25 साल कर दी है. यानी अब ज्यादा युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं. कॉलेज के छात्र, ग्रेजुएट और नए-नए नौकरी की तलाश कर रहे युवा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?इस योजना के तहत अब इंटर्न्स को हर महीने 9,000 रुपये दिए जाएंगे. पहले यह राशि 5,000 रुपये थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है. इसमें से 90% पैसा सरकार देगी और 10% संबंधित कंपनी देगी. इसके अलावा, सरकार की ओर से 6,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी, जो अलग से मिलेगी.
कैसे करें आवेदन?आवेदन करने का प्रोसेस बेहद आसान है. इसके लिए-
- योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pminternship.mca.gov.in/ पर जाएं.
- यहां अपना रजिस्ट्रेशन करें.
- जरूरी जानकारी भरें (नाम, पढ़ाई, उम्र आदि).
- जरूरी दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपलोड करें.
- अब, उपलब्ध कंपनियों और इंटर्नशिप चुनें और फॉर्म सबमिट कर दें.
- चयन के बाद उम्मीदवारों को अलग-अलग कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका मिल जाता है.
अगर आप कॉलेज के आखिरी साल में हैं, तो आपको आवेदन करते समय अपने कॉलेज से NOC (No Objection Certificate) लेना होगा.
यह भी पढ़ें- शादी में आवारा कुत्ते का आतंक, 60 से ज्यादा लोगों को काटा, जानें आवारा कुत्तों की शिकायत कहां करें
किन क्षेत्रों में मिलेगा मौका?अभी तक 300 से ज्यादा कंपनियां इस योजना से जुड़ चुकी हैं. इसके अलावा, नए क्षेत्रों जैसे रिन्यूएबल एनर्जी, सेमीकंडक्टर और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स में भी इंटर्नशिप के मौके मिलेंगे. सरकार का लक्ष्य है कि 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को मौका मिले. PM Internship Scheme 2026 युवाओं के लिए एक शानदार मौका है, जहां वे सीखते हुए कमाई भी कर सकते हैं. ऐसे में अगर आप अपने करियर की अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं, तो इस योजना का लाभ जरूर उठा सकते हैं. यह आपके भविष्य के लिए एक अच्छा कदम साबित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं