- बेंगलुरु-गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस 13 नवंबर को होगी शुरू.
- इस ट्रेन को लोग ऑरेंज स्नेक वंदे भारत कह रहे हैं.
- 850 किलोमटीर के सफर में 57 सुरगों से होकर गुजरेगी.
Bengaluru–Mangaluru–Madgaon Vande Bharat Express: सोशल मीडिया पर ऑरेंज स्नेक वंदे भारत एक्सप्रेस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. कर्नाटक के पश्चिमी घाट के घने जंगलों, पहाड़ों से गुजरती दिखाई दे रही है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है. इसे लोग ऑरेंज स्नेक वंदे भारत कह रहे हैं, जो पहाड़ों के बीच घुमावदार ट्रैक से सांप की तरह गुजर रही है. इस वीडियो को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी शेयर किया है. जो बेंगलुरु के सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के बीच शिरडी घाट सेक्शन में इस ट्रेन का ड्रोन वीडियो है.
New age trains! Make more in India 🇮🇳 https://t.co/TUjZup3iKz
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) August 23, 2026
दरअसल, यह वीडियो बेंगलुरु से गोवा के मडगांव के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की है जो ऑरेंज कलर की है. यह वंदे भारत एक्सप्रेस बेंगलुरु के यशवंतपुर से मंगलुरु होते हुए गोवा के मडगांव तक चलेगी. यह ट्रेन करीब 850 किलोमीटर की दूरी तय कर बेंगलुरु, कर्नाटक के तटीय इलाकों और गोवा के बीच कनेक्टिविटी बनाएगी. इस वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को हरी झंडी दिखाने वाले हैं.
57 सुरंगों से होकर गुजरेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
भारतीय रेलवे देश के विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क को और अधिक बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए लगातार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कर रहा है. इसी कड़ी में एक नई बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस (26655/26656) की शुरुआत होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को इस नई सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस ट्रेन का सफर पश्चिमी घाट के पहाड़ियों से होकर गुजरेगा. सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के बीच करीब 55 किलोमीटर का घाट सेक्शन है. इस रास्ते में 57 सुरंगें और 258 पुल बताए जा रहे हैं.
बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल
26655/26656 बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन दोनों दिशाओं से संचालित होने वाली है. ट्रेन नंबर 26655 यशवंतपुर से मडगांव वंदे भारत ट्रेन यशवंतपुर जंक्शन से सुबह 7:35 बजे प्रस्थान करेगी और लगभग 13 घंटे 20 मिनट का सफर तय करके उसी दिन रात 8:55 बजे मड़गांव पहुंचेगी. यह सेवा बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उपलब्ध रहेगी.
ट्रेन नंबर 26656 मड़गांव से यशवंतपुर वंदे भारत ट्रेन वापसी की दिशा में मड़गांव से सुबह 8:20 बजे रवाना होगी और लगभग 12 घंटे 55 मिनट का सफर पूरा कर रात 9:15 बजे यशवंतपुर जंक्शन पहुंचेगी. यह सेवा गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी.
26655/26656 बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज
26655/26656 बेंगलुरु-मंगलुरु-मड़गांव वंदे भारत एक्सप्रेस अपने पूरे यात्रा के दौरान 12 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
यशवंतपुर (बेंगलुरु)
श्रवणबेलगोला
हासन
सकलेशपुर
सुब्रह्मण्य रोड
कबाका पुत्तुर
मंगलुरु जंक्शन
उडुपी
कुंडापुरा
मूकाम्बिका रोड बायंदूर
मुर्डेश्वर
गोकर्ण रोड
कारवार
मड़गांव (गोवा)
यात्री इस ट्रेन की नियमित बुकिंग और अन्य विस्तृत जानकारियों के लिए भारतीय रेलवे के आधिकारिक पोर्टल या आईआरसीटीसी (IRCTC) ऐप का उपयोग कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | जनकपुर-अयोध्या सुपरफास्ट ट्रेन तैयार, 464 KM लंबा रूट, बिहार होते हुए नेपाल और भारत के इन स्टेशनों को जोड़ेगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं