National Talent Scholarship : कृषि और इससे संबंधित सब्जेक्ट्स (Agriculture & Allied Disciplines) में स्नातक की पढ़ाई कर रहे मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से नेशनल टैलेंट स्कॉलरशिप (National Talent Scholarship - Undergraduate) चलाई जा रही है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालयों में स्टडी कर रहे टैलेंटेड छात्रों को आर्थिक सहयोग देना है.
यह छात्रवृत्ति दाखिले की तारीख से शुरुआत में एक साल के लिए दी जाती है और संतोषजनक शैक्षणिक प्रदर्शन व अच्छे आचरण के आधार पर पूरी डिग्री अवधि के लिए रीनीव की जाती है. इस दौरान छात्रवृत्ति के रूप में स्नातक (Bachelor's Degree) पाठ्यक्रम के दौरान चयनित छात्रों को 3,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है. आपको बता दें कि इस योजना के तहत 3000 रुपये प्रति माह के अलावा अलग से कोई भी आकस्मिक अनुदान (Contingency Grant) नहीं दिया जाता है.
छात्रवृत्ति के लिए योग्यता और शर्तें
- उम्मीदवार कृषि या इससे संबद्ध विषयों में स्नातक की डिग्री की पढ़ाई कर रहा हो.
- छात्र ने ICAR प्रवेश के लिए आयोजित ऑल इंडिया एंट्रेंस एग्जामिनेशन (AIEE) के माध्यम से दाखिला लिया हो.
- छात्र का अपने गृह राज्य से बाहर स्थित किसी कृषि विश्वविद्यालय में नामांकित होना अनिवार्य है.
- छात्र ऐसे कृषि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हो, जो ICAR की Strengthening and Development of Higher Agricultural Education in India योजना के तहत वित्त पोषित हो.
छात्रवृत्ति जारी रखने की मुख्य शर्तें
- पहले वर्ष के आखिर में न्यूनतम 7.00/10.00 OGPA होना जरूरी है. वहीं, SC/ST वर्ग के लिए 6.50/10.00 OGPA होना जरूरी है.
- क्लास में नियमित उपस्थिति हो, बिना अनुमति अनुपस्थित नहीं रहा हो और संस्थान की ओर से प्रमाणित अच्छा आचरण हो.
- छात्र पूर्णकालिक पढ़ाई कर रहा हो, किसी प्रकार की नौकरी या अन्य छात्रवृत्ति का लाभ न ले रहा हो.
- छात्रवृत्ति अवधि के दौरान विश्वविद्यालय या आवंटित विषय को बदलना मना है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जाते हैं. इसके लिए नीचे बताए गए प्रोसेस को फॉलो करना होगा.
NSP पोर्टल पर नया रजिस्ट्रेशन
- नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के New Registration पेज पर जाएं.
- दिशानिर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, शर्तों को स्वीकार करें और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करके OTP वेरीफाई करें.
वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) ID जनरेट करना
- गूगल प्ले स्टोर से AadhaarFaceRD और NSP OTR App डाउनलोड करें.
- ऐप में eKYC with Face Auth का विकल्प चुनें, अपना रेफरेंस नंबर व मोबाइल पर आया OTP दर्ज करें.
- Proceed for Face Authentication पर क्लिक करके फेस वेरिफिकेशन पूरा करें, जिससे OTR नंबर जनरेट हो जाएगा.
फॉर्म भरना और फाइनल सबमिशन
- OTR नंबर और पासवर्ड की मदद से NSP पोर्टल पर लॉगिन करें.
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP से पासवर्ड रिसेट करें और डैशबोर्ड पर जाएं.
- Application Form सेक्शन में जाकर सभी अनिवार्य विवरण भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और Final Submit पर क्लिक करें.
आवश्यक दस्तावेज
- हाल की पासपोर्ट साइज फोटो
- आवेदक के हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान
- AIEE के माध्यम से दाखिले का प्रमाण पत्र
- पहचान विवरण और उससे लिंक बैंक खाते का विवरण
- संबंधित विश्वविद्यालय या ICAR की ओर से निर्धारित अन्य प्रमाण पत्र
यह भी पढ़ें- पुराने चेक अब नहीं करेंगे काम, जल्द बदलवा लें अपनी चेकबुक; जानें क्यों बदला नियम
आवेदन जमा करने के बाद आप पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) पोर्टल पर Know Your Payment के जरिए अपने भुगतान का स्टेटस चेक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- क्या प्याज की बढ़ती कीमत ने शुरू कर दिया है रुलाना, तो जानिए इस सरकारी योजना से कैसे मिलेगी राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं