- दिल्ली से पटना के लिए वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी.
- छठ से पहले दिल्ली-पटना वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव.
- 11 और 12 नवंबर के लिए दिल्ली-पटना वंदे भारत ट्रेन चलेगी.
Delhi to Patna Vande Bharat Special Train: छठ पर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या और तेजी से बढ़ रही है. इस वजह से बिहार जाने वाले यात्रियों की वेटिंग लिस्ट अब भी काफी लंबी है. ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. छठ पर यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए नई दिल्ली से पटना के बीच एक और वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. उत्तर रेलवे ने इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे को पत्र भेजकर फेसिब्लिटी जांच कर जल्द से जल्द सहमति देने को कहा है. मंजूरी मिलते ही ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू कर दी जाएगी. बताया जा रहा है कि दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन को 11 नवंबर से चलाने की योजना है. इसका शेड्यूल भी प्रस्ताव के साथ तैयार कर लिया गया है.
रेलवे द्वारा दिए गए प्रस्ताव के मुताबिक ट्रेन नंबर 02258 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन 11 और 12 नवंबर को दोनों दिशाओं से एक-एक ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी.
ट्रेन नंबर 02258 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल शेड्यूल
02258 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन 11 नवंबर को नई दिल्ली स्टेशन से सुबह 5 बजे रवाना होगी. इसके बाद अलीगढ़- सुबह 6.28 बजे, कानपुर- सुबह 10 बजे, प्रयागराज- दोपहर 12.30 बजे, डीडीयू- दोपहर 3 बजे, बक्सर- शाम 4.26 बजे, आरा- शाम 5.10 बजे और पटना शाम 6.30 बजे पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 02257 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल शेड्यूल
वापसी में 02257 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल ट्रेन 12 नवंबर को पटना से सुबह 8 बजे रवाना होगी. इसके बाद आरा- सुबह 8.38 बजे, बक्सर- सुबह 9.25 बजे, डीडीयू- सुबह 11 बजे, प्रयागराज- दोपहर 1.35 बजे, कानपुर- दोपहर 3.50 बजे, अलीगढ़- शाम 6.53 बजे और नई दिल्ली रात 9.30 बजे पहुंचेगी.
13 घंटे 30 मिनट में का होगा सफर
प्रस्तावित योजना के अनुसार, 16 कोच वाली यह आधुनिक वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से पटना के बीच 995.6 किलोमीटर की दूरी महज 13 घंटे 30 मिनट में तय करेगी. इस ट्रेन में 16 कोच का वंदे भारत रैक लगाया जाएगा. इसका प्राथमिक रखरखाव दिल्ली मंडल में होगा, जबकि टर्मिनल एग्जामिनेशन पटना में पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संपन्न किया जाएगा.
मंजूरी मिलने होगी टिकट की बुकिंग
उत्तर रेलवे ने संबंधित दोनों रेल जोनों से आग्रह किया है कि अगर प्रस्तावित टाइमटेबल में कोई तकनीकी बाधा हो, तो तुरंत वैकल्पिक समय का सुझाव दें. फिलहाल यह एक आधिकारिक प्रस्ताव है. पूर्व मध्य रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे से हरी झंडी (NOC) मिलने के बाद ही इस वंदे भारत स्पेशल ट्रेन के संचालन और टिकट बुकिंग की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
यह भी पढ़ें | अलीगढ़ में भी रुकेगी दिल्ली-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे ने बतायी तारीख और टाइमिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं