विज्ञापन

Kedarnath Dham Yatra: 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, बढ़ाया गया हेलिकॉप्टर का किराया, जानें कब से शुरू होगी बुकिंग

Kedarnath Dham Yatra 2026 Helicopter Service: केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवाएं चलाई जाती हैं. इनमें से गुप्तकाशी और फाटा से चलने वाली हेली सेवा के किराए में बढ़ोतरी की गई है. वहीं, सिरसी से संचालित हेली सेवा के किराए में कमी की गई है.

Kedarnath Dham Yatra: 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, बढ़ाया गया हेलिकॉप्टर का किराया, जानें कब से शुरू होगी बुकिंग
केदारनाथ धाम यात्रा

Kedarnath Dham Yatra 2026: अगर आप आने वाले दिनों में केदारनाथ धाम की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए खास हो सकती है. केदारनाथ के लिए संचालित हेली सेवा के किराए में बदलाव किया गया है. केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवाएं चलाई जाती हैं. इनमें से गुप्तकाशी और फाटा से चलने वाली हेली सेवा के किराए में बढ़ोतरी की गई है. वहीं, सिरसी से संचालित हेली सेवा के किराए में कमी की गई है.

यह भी पढ़ें: आकाशीय बिजली गिरने से 40 मिनट पहले फोन पर आ जाएगा अलर्ट, मौसम विभाग ने बनाया खास ऐप, यूं करें इस्तेमाल

तय हुआ हेलीकॉप्टर सेवा का किराया

उत्तराखंड के चारधामों की यात्रा के लिए हर साल देश‑भर से लाखों श्रद्धालु आते हैं. केदारनाथ धाम में दर्शन करने के लिए यात्री पैदल मार्ग के साथ‑साथ हेलीकॉप्टर सेवा का भी उपयोग करते हैं. केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा तीन हेलीपैड- गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से संचालित की जाती है. यानी इन तीनों स्थानों से केदारनाथ के लिए शटल हेली सेवा की सुविधा उपलब्ध है. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा के लिए किराए तय कर दिए हैं. पिछले साल की तुलना में इस बार सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ जाने का किराया कम किया गया है, जबकि फाटा हेलीपैड से हेली सेवा का किराया बढ़ा दिया गया है. केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आईआरसीटीसी (IRCTC) के माध्यम से शुरू की जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

केदारनाथ धाम के लिए हुए सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन

22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे. ऐसे में केदारनाथ धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. चारों धामों में अब तक सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन केदारनाथ धाम के लिए ही किए गए हैं. 7 मार्च से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन में अब तक केदारनाथ धाम के लिए 3 लाख 61 हजार 668 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं. वहीं कुल रजिस्ट्रेशन की संख्या तेजी से बढ़ रही है. 

21 अप्रैल से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा 

केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन 21 अप्रैल से शुरू हो जाएगा. यह सेवा गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड से संचालित की जाएगी. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने केदारनाथ हेली शटल सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिसमें 8 ऑपरेटर कंपनियों का चयन किया गया है. इनमें गुप्तकाशी से 2 कंपनियां, फाटा से 4 कंपनियां और सिरसी से 2 कंपनियां हेली सेवा का संचालन करेंगी. 

कितना होगा यात्रा का समय?

यात्रा के समय की बात करें तो गुप्तकाशी से केदारनाथ पहुंचने में लगभग 10 मिनट और लौटने में 10 मिनट लगते हैं. फाटा से जाने और आने में करीब 7–7 मिनट का समय लगता है. वहीं सिरसी से केदारनाथ पहुंचने और वापस आने में केवल 6–6 मिनट का समय लगता है. दूरी के हिसाब से इस बार गुप्तकाशी और फाटा हेलीपैड से किराया थोड़ा बढ़ाया गया है, जबकि सिरसी हेलीपैड से हेली सेवा का किराया कम किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Wikimedia Commons

कितना होगा किराया?

UCADA ने अलग-अलग गुप्तकाशी फाटा और सिरसी हेलिपैड से हेली सेवा का किराया निर्धारित किया है. गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने का किराया 12,154 रुपये, फाटा से 9,680 रुपये , सिरसी से 6,086 रुपये तय किया गया. पिछले साल की तुलना में गुप्तकाशी से 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. जबकि सिरसी हेलिपैड से हेलीकॉप्टर का किराया 2753 रुपये सस्ता हुआ है. इसके अलावा किराये में 5 प्रतिशत GST और ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर सुविधा शुल्क अलग से लिया जाएगा.

कब से शुरू हो सकती है टिकट बुकिंग?

हेली कंपनियों का चयन होने के बाद UCADA 10 अप्रैल से टिकट बुकिंग शुरू कर सकता है. हालांकि इसकी तिथि तय होनी बाकी है. IRCTC की  वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से टिकट की बुकिंग की जाएगी. हेलिकॉप्टर से केदारनाथ जाने का प्लान बना रहे तीर्थयात्रियों को फर्जी वेबसाइट से सतर्क रहने की आवश्यकता है.

UCADA के सीईओ ने क्या कहा

UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि इस बार सुरक्षित हेली सेवाओं का संचालन करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसके लिए भी सभी उपाय किए गए हैं. सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि इस बार गुप्तकाशी और फाटा से हेली सेवाओं के टिकट में मामूली से बढ़त की गई है लेकिन सिरसी से हेलीकॉप्टर सेवा में लगभग 60% किराए में कटौती भी की गई है. यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि हेली सेवा संचालन के लिए ऑपरेटरों का चयन कर लिया गया है. यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा व संचालन मानकों का सख्ती से पालन किया जाए. तीर्थयात्रियों को बेहतर हेली सेवाएं देने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी. साथ ही जल्द ही टिकट बुकिंग की तिथि तय की जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com