Sri Lanka free of Cost ETA: अगर आप श्रीलंका घूमने की प्लानिंग बना रहे हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है. श्रीलंका अब भारत समेत 40 देशों के पर्यटकों को 30 दिन के लिए फ्री इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (ETA) दे रहा है. यह सुविधा 25 मई 2026 से लागू हो गई है. ऐसे में अगर कोई टूरिस्ट ETA के लिए योग्य है, उसे श्रीलंका जाने के लिए अलग से वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी. लेकिन ट्रैवल करने से पहले ऑनलाइन ETA अप्लाई करना जरूरी होगा. आइए नई सुविधा के बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: चूल्हे के लिए आ गई नई तकनीक! पानी और इथेनॉल से चलेगा स्टोव, खर्चा भी होगा कम, जानिए कैसे करेगा काम

वैलिडिटी और एंट्री के नियम
नई व्यवस्था के तहत अब यात्रियों को 30 दिन के लिए फ्री टूरिस्ट वीजा मिलेगा. इस वीजा की मदद से यात्री दो बार श्रीलंका जा सकते हैं. वैलिडिटी की बात करें तो ये पहली बार आने की तारीख से शुरू होगी. इसके अलावा अगर कोई यात्री 30 दिन से ज्यादा श्रीलंका में रुकना चाहता है, तो वह तय फीस देकर वीजा बढ़ाने के लिए अप्लाई कर देते हैं. हालांकि, मालदीव के नागरिकों के लिए नियम थोड़े अलग हैं. ETA के तहत यहां के यात्रियों को 90 दिन का टूरिस्ट वीजा मिलेगा.

ETA के लिए कहां करें अप्लाई
फ्री ETA व्यवस्था शुरू होने के बाद भारत के यात्री यात्रा से पहले ही ऑनलाइन प्रोसेस पूरी कर सकते हैं, जिससे श्रीलंका में एंट्री करना आसान होगा और प्रोसेस काफी तेज हो जाएगा. ETA के लिए आप आसानी से ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. इसके लिए यात्री ETA की आधिकारिक वेबसाइट https://eta.gov.lk पर जा सकते हैं.

किन देशों के लिए फ्री होगा ETA
फ्री ETA भारत समेत 40 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है. इसमें ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बहरीन, बेलारूस, बेल्जियम, कनाडा, चीन, चेक रिपब्लिक, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, इज़राइल, इटली, जापान, कजाकिस्तान, कुवैत, मलेशिया, नेपाल, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, ओमान, पाकिस्तान, पोलैंड, कतर, रूस, सऊदी अरब, साउथ कोरिया, स्पेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड, तुर्की, यूएई, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स जैसे देश शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं