- गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में 371 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी.
- टाउनशिप में 90 से 300 वर्गमीटर तक के सात विभिन्न श्रेणियों में कुल 855 आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे.
- यह आवासीय योजना गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास स्थित होगी, जिससे प्रमुख शहरों से आवागमन आसान होगा.
Gorakhpur GIDA New Residential Township: पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) क्षेत्र में रहने और घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. दरअसल, गीडा के ग्राम चकभोप स्थित सेक्टर 25 में 371 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक आवासीय टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास बनने वाली इस टाउनशिप में 90 से 300 वर्गमीटर तक के 855 आवासीय प्लॉट्स सात अलग-अलग कैटेगरी में उपलब्ध कराए जाएंगे.
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) क्षेत्र में तेजी से बढ़ते उद्योगों के साथ-साथ अब आवासीय सुविधाओं का भी बड़ा विस्तार होने जा रहा है. गीडा अधिसूचित क्षेत्र के तहत आने वाले सेक्टर25 ग्राम चकभोप में 371 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक सर्वसुविधायुक्त आवासीय टाउनशिप बसाने की महत्वाकांक्षी योजना प्रस्तावित की गई है.
लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधाएं
गीडा में स्थापित औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के उद्यमियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों की बढ़ती आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है. वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कई कर्मचारियों को दूरदराज के इलाकों से आना जाना पड़ता है, जिससे इस टाउनशिप के बनने के बाद बड़ी राहत मिलेगी.
7 श्रेणियों में बांटे गए 855 भूखंड
इस टाउनशिप में अलग-अलग आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 90 वर्गमीटर से लेकर 300 वर्गमीटर तक के कुल 855 प्लॉट्स सात कैटेगरी में विकसित किए जा रहे हैं.
- 300 वर्गमीटर: 129 प्लॉट्स
- 250 वर्गमीटर: 89 प्लॉट्स
- 200 वर्गमीटर: 157 प्लॉट्स
- 180 वर्गमीटर: 103 प्लॉट्स
- 150 वर्गमीटर: 118 प्लॉट्स
- 120 वर्गमीटर: 162 प्लॉट्स
- 90 वर्गमीटर: 97 प्लॉट्स
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के बिल्कुल पास
इस नई आवासीय योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राइम लोकेशन है. यह टाउनशिप गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के बिल्कुल निकट स्थित है. लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए यह सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ती है, जिससे यहां रहने वाले नागरिकों को लखनऊ, आजमगढ़ और प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में काफी आसानी होगी.
दो चरणों में होगा आवंटन, EWS व LIG भवनों का भी प्रस्ताव
- गीडा प्रशासन 855 भूखंडों का आवंटन दो अलगअलग चरणों में करेगा, जिससे विभिन्न श्रेणियों के आवेदकों को व्यवस्थित तरीके से भूखंड मिल सकें.
- औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों व मध्यम आय वर्ग के कर्मचारियों के लिए किफायती दरों पर ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के आवासीय मकान भी इस योजना में शामिल किए गए हैं.
- टाउनशिप के भीतर चौड़ी सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी प्रणाली, स्ट्रीट लाइटें और हरेभरे पार्क विकसित किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- एमपी में अब मुफ्त में होगी घर और जमीन की रजिस्ट्री, जानिए मालिकाना हक और मुफ्त रजिस्ट्री योजना की पूरी जानकारी
गीडा एसीईओ रामप्रकाश ने बताया कि गीडा में लगातार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं, जिससे उद्यमियों के साथ-साथ कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए आवास की मांग तेजी से बढ़ी है. इसलिए सेक्टर 25 की यह 371 करोड़ रुपये की आवासीय योजना उद्योगों के समीप ही विश्वस्तरीय आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का आपातकाल! GRAP3 हुआ लागू, जानें गाड़ियों, स्कूलों और निर्माण पर क्या लगी पाबंदियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं