विज्ञापन

4 साल में 32,000 EV चार्जिंग स्‍टेशन बनेंगे, दिल्‍ली में मेट्रो पार्किंग ही नहीं, इन जगहों पर भी चार्ज कर सकेंगे कार

दिल्‍ली में EV की संख्‍या लगातार बढ़ रही है और इसलिए सरकार यहां 32 हजार चार्जिंग स्‍टेशन डेवलप करने जा रही है. आप अपनी कार कहां-कहां चार्ज कर सकेंगे, इसका अंदाजा आपको ये खबर पढ़कर लग जाएगा.

4 साल में 32,000 EV चार्जिंग स्‍टेशन बनेंगे, दिल्‍ली में मेट्रो पार्किंग ही नहीं, इन जगहों पर भी चार्ज कर सकेंगे कार
दिल्‍ली में EV चार्जिंग स्‍टेशन पर बड़ा फैसला
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

Delhi EV Charging Station: हाल ही में EV पॉलिसी लागू करने वाली दिल्‍ली सरकार ने राष्‍ट्रीय राजधानी को EV सिटी बनाने का लक्ष्‍य रखा है. इसके लिए सरकार अगले 4 साल में 32,000 चार्जिंग स्‍टेशन तैयार करेगी. मौजूदा समय में इनकी संख्‍या 9,000 है. बुधवार को CM रेखा गुप्‍ता ने दिल्ली सरकार के व्यापक वर्कप्‍लान की समीक्षा की. इस हाई लेवल मीटिंग में मुख्‍यमंत्री ने कहा कि सरकार 4 वर्षों में दिल्ली में मौजूदा लगभग 9 हजार EV चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर करीब 32 हजार करने के लक्ष्य पर गंभीरता से जुटी है. इस मीटिंग में परिवहन मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह और कई सीनियर अधिकारियों ने बात रखी. 

कैसी जगहों पर बनेंगे चार्जिंग स्‍टेशन? 

मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि इसके लिए बिजली आपूर्ति, उपयुक्त स्थानों की उपलब्धता और विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है. मीटिंग का उद्देश्य राजधानी में आधुनिक, तेज और सर्वसुलभ EV चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की व्यावहारिक रणनीति पर रहा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चार्जिंग स्टेशनों के लिए आवश्यक बिजली आपूर्ति, भविष्य में बढ़ने वाली मांग और उसके अनुरूप पावर इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली. 

दिल्ली मेट्रो की पार्किंग, नगर निगम के पार्किंग स्थल, मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध खाली स्थान, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) बाजारों के आसपास, प्रमुख मॉल, रेलवे स्टेशनों के बाहर, सरकारी परिसरों और बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए ताकि लोगों को अपने घरों और कार्यस्थलों के निकट चार्जिंग सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके.

उन्होंने कहा कि चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार केवल स्थान चुनने करने तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि इनके निर्बाध संचालन के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने सोलर आधारित चार्जिंग स्टेशनों के विकास पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे ऊर्जा के स्वच्छ और टिकाऊ विकल्प को बढ़ावा मिलेगा.

दिल्‍ली को EV सिटी बनाना है लक्ष्‍य 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को वास्तविक अर्थों में EV सिटी बनाने के लिए ऐसे आधुनिक चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएं, जहां बैठने की व्यवस्था, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और अधिकांश स्टेशनों पर हर प्रकार के इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किए जा सकें.

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में फास्ट चार्जिंग तकनीक को प्राथमिकता दी जाए. साथ ही वर्तमान में संचालित सभी स्लो चार्जिंग स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से फास्ट चार्जिंग स्टेशनों में परिवर्तित किया जाए. बैठक में चार्जिंग स्टेशनों के लिए उपयुक्त स्थानों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा हुई. 

ये भी पढ़ें: दिल्ली में अब GPA-पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर नहीं होगी घर-मकान-दुकान की रजिस्‍ट्री, नया नियम जान लें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EV Charging Station, EV Charging Station Delhi, EV Charging Station In Delhi, EV Charging Stations In India, EV Charging Centre
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com