दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से निपटने और हरियाली बढ़ाने के लिए, विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर दिल्ली सरकार ने 18 'नमो ऑक्सीजन पार्कों' (NAMO Oxygen Parks) का उद्घाटन किया गया है. इस पहल का उद्देश्य दिल्ली की हवा को शुद्ध करना और नागरिकों को स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करना है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी में 18 'नमो ऑक्सीजन पार्क' का उद्घाटन किया, सीएम ने इस मौके पर शहरी इलाकों में हरियाली बढ़ाने को पेड़-पौधे लगाने की कोशिशों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नमो ऑक्सीजन पार्क के उद्घाटन के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम सब मिलकर 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों के लिए पौधारोपण अभियान शुरू कर रहे हैं. मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज 18 जगहों पर 18 नमो ऑक्सीजन पार्क शुरू होने से दिल्ली के लोगों को बहुत मदद मिलेगी. ये पार्क न सिर्फ ऑक्सीजन का लेवल बढ़ाएंगे, बल्कि देसी पेड़ों की प्रजातियां लगाकर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का विजन दिल्ली में लगभग 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने का है.
नमो ऑक्सीजन पार्क में क्या मिलेगी सुविधा?
इन ऑक्सीजन पार्क में वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने के लिए हट, खूबसूरत तालाब और कई तरह के छायादार पेड़ लगाए जाएंगे. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थान सुबह-शाम टहलने, योग करने और सामुदायिक गतिविधियों का अहम केंद्र बनेगा
- हरियाली और स्वच्छता- पार्क में सैंकड़ों की संख्या में देशी पौधे और पेड़ लगाए जाएंगे.
- फिटनेस सुविधाएं- लोगों के लिए वॉकिंग ट्रैक और योग करने के लिए विशेष स्थान उपलब्ध होंगे.
- मनोरंजन- पार्क में बैठने के लिए झोपड़ियां और प्राकृतिक वातावरण होगा.
- जल संरक्षण- पार्क के अंदर छोटे तालाब विकसित किए जाएंगे.
नमो ऑक्सीजन पार्क कहां है?
नमो ऑक्सीजन पार्क दिल्ली के 18 अलग-अलग स्थानों पर विकसित किए जा रहे हैं, जिनका उद्घाटन 5 जून 2026 यानी विश्व पर्यावरण दिवस को किया गया है. यह पहल राजधानी में 100 ऑक्सीजन पार्क बनाने के विज़न का हिस्सा है, जिनमें से मैदानगढ़ी में विशेष रूप से एक पार्क का उद्घाटन हुआ है और मुखमेलपुर क्षेत्र में भी पार्क विकसित किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें:- घर बैठे चाहिए जमीन का नक्शा, Bihar Bhumi पोर्टल से ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन, जानिए पूरा प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं