दिल्ली की महिलाओं के लिए शानदार खुशखबरी है. खुशखबरी ये कि हर महीने दिल्ली सरकार की तरफ से 2500 रुपये दिए जाएंगे. दिल्ली सरकार अपनी सबसे बड़ी चुनावी गारंटी को पूरा करने जा रही है. इस योजना का पहले नाम महिला समृद्धि योजना था, जिसे अब बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना कर दिया है. हालांकि सरकार की तरफ से इस योजना का फायदा उठाने के लिए कुछ नियम और शर्तें बनाई हैं. इस खबर में आपको बताते हैं कि दिल्ली लक्ष्मी योजना का फायदा उठाने के लिए आपको क्या करना होगा. ये योजना कब से लागू होगी और जरूरी डॉक्यूमेंट्स क्या होंगे.
कब लॉन्च होगी दिल्ली लक्ष्मी योजना?
सरकार इस योजना को अगस्त में रक्षाबंधन के मौके पर लॉन्च करने जा रही है. दिल्ली सरकार ने अफसरों से साफ कह दिया है कि योजना का फायदा साफ और बहुत आसान तरीके से बिना किसी समस्या के महिलाओं तक पहुंचे.
क्या है एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया?
दिल्ली सरकार ने इस योजना का फायदा सही और हकदार महिलाओं तक पहुंचाने के लिए कुछ जरूरी नियम और शर्ते हैं. मसलन-
- अप्लाई करने वाली महिला की उम्र 21 वर्ष से 60 साल के बीच होनी चाहिए
- महिला या उसका परिवार पिछले कम से कम 10 सालों से दिल्ली में रह रहा हो
- महिला के परिवार की टोटल एनुअल इनकम 2.5 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए
किन्हें नहीं मिलेगा इस योजना का लाभ?
सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं, इनकम टैक्स पेयर्स, सरकारी पेंशनभोगी और जिनके परिवार में कार है, उन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा.
एक परिवार से एक ही महिला को उम्र के आधार पर इस योजना के लिए चुना जाएगा.
पैसे कैसे मिलेंगे?
दिल्ली लक्ष्मी योजना का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजा जाएगा. इसके अलावा सरकार रिजर्व बैंक की डिजिटल करेंसी और एक हिस्सा फिक्स डिपॉजिट के रूप में देने के ऑप्शन पर भी विचार कर रही है, जिससे महिलाएं भविष्य के लिए सेविंग कर सकें.
एप्लीकेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
अगर आप भी इस योजना का लाभ उठाना चाहती हैं, तो आधार कार्ड, दिल्ली का निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र अपने पास रख लें. अगर नहीं है तो इसे बनवा लें, जिससे आखिरी समय में कोई समस्या ना हो पाए.
योजना के लिए अप्लाई कैसे करें?
इस योजना के लिए एप्लीकेशन के प्रोसेस को पूरी तरह डिजिटल और आसान बनाया है. अगस्त के बीच में सरकार दिल्ली ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर इसका लिंक लाइव कर देगी. यहां सबसे पहले आपको पोर्टल पर जाकर अपना नया अकाउंट बनाना होगा. इसके बाद आधार नंबर और मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए अपना वेरिफिकेशन करना होगा. फिर दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिंक पर क्लिक करके एप्लीकेशन फॉर्म में अपनी सही जानकारी भरनी होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं