उत्तर प्रदेश सरकार 2.70 लाख छात्रों को बड़ी सौगात देने जा रही है. बताया जा रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को DBT के जरिए छात्रों के लिए उनके अभिभावकों के अकाउंट में सीधे 1200-1200 रुपये ट्रांसफर करेंगे. यह पहले चरण का लाभ दिया जा रहा है, जिसमें 2 लाख 70 हजार छात्रों का नाम पोर्टल पर रजिस्टर हो चुका है. बता दें, इस योजना को साल 2021 में शुरू की गई थी. वहीं अब इस योजना में कुछ नए बदलाव किए गए हैं.
बताया गया है कि योजना के तहत बदायूं जिले के परिषद स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को लाभ मिलने वाला है. जिसमें 2.70 लाख छात्रों का रजिस्ट्रेशन हुआ है. इसके लिए जिले के 2159 परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र के तहत DBT की तैयारी की गई है.
पहले मिलते थे 1100 रुपये
योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को नवंबर 2021 में शुरू किया गया था. इसके तहत छात्रों को 1100 रुपये की राशि दी जाती थी. राशि अभिभावकों के अकाउंट में दिए जाते हैं. इस राशि के जरिए छात्रों के लिए दो जोड़ी ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर और स्कूल बैग खरीदते हैं. वहीं साल 2022-23 के शैक्षणिक सत्र से इसमें बदलाव करते हुए 1100 रुपये की राशि में 100 रुपये और बढ़ाया गया था.
किन छात्रों को मिलेगा लाभ
बताया जा रहा है कि 1200 रुपये का लाभ उन छात्रों को अभी दिया जा रहा है जिनका डेटा पूरी तरह से वेरिफाइड हो चुका है. वहीं जिन छात्रों का एडमिशन हाल में हुआ है, उनके आधार और बैंक अकाउंट के वेरिफिकेशन बाकी है. ऐसे में उनके लिए जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद अगले चरण में उन्हें राशि दी जाएगी. इस बात की जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दी है.
यह भी पढ़ेंः न कोई OTP और न ही कोई अप्रूवल, केवल एक क्लिक और खाली हो जाता है आपका वॉलेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं