गर्मी बढ़ते ही AC की बिक्री तेजी से बढ़ जाती है. नया AC खरीदने वाले कई लोगों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि क्या AC के साथ अलग से Stabilizer लगाना जरूरी है या नहीं. आजकल बाजार में मिलने वाले ज्यादातर इन्वर्टर AC पहले से ही वोल्टेज प्रोटेक्शन जैसी सुविधाओं के साथ आते हैं. ऐसे में लोग अक्सर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि अतिरिक्त खर्च करके Stabilizer खरीदना सही रहेगा या नहीं. अगर आप भी नया AC लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले ये जानकारी जरूर जान लें.
आज के इन्वर्टर AC हैं ज्यादा स्मार्ट
पहले के मुकाबले इन्वर्टर AC काफी एडवांस हो चुके हैं. इनमें वोल्टेज में होने वाले सामान्य उतार-चढ़ाव को संभालने की क्षमता होती है. यही वजह है कि कई नए AC बिना किसी बाहरी Stabilizer के भी आसानी से काम कर लेते हैं. जानकारी के अनुसार, ज्यादातर नए इन्वर्टर AC करीब 160V से 290V तक के वोल्टेज पर आराम से चल सकते हैं. इसलिए जिन इलाकों में बिजली की सप्लाई सामान्य रहती है, वहां अलग से Stabilizer लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.
कब जरूरी हो सकता है Stabilizer
हालांकि, हर इलाके में बिजली की स्थिति एक जैसी नहीं होती. कई जगहों पर वोल्टेज अचानक बहुत कम या बहुत ज्यादा हो जाता है. ऐसी स्थिति में Stabilizer एक्स्ट्रा सिक्योरिटी देने का काम करता है. एक अच्छा Stabilizer 130V से 300V तक के वोल्टेज को संभाल सकता है. इसके अलावा अचानक आने वाले पावर सर्ज से भी AC को बचाने में मदद करता है.
AC की सुरक्षा में करता है मदद
विशेषज्ञों का कहना है कि Stabilizer AC के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करता है. अगर बिजली में अचानक बड़ा उतार-चढ़ाव आता है, तो उसका असर सबसे पहले Stabilizer पर पड़ता है. इससे AC का कंप्रेसर और दूसरे महंगे पार्ट्स सुरक्षित रह सकते हैं.
बिजली बिल पर कितना असर पड़ता है
कई लोगों को लगता है कि Stabilizer लगाने से बिजली का बिल काफी बढ़ जाएगा. लेकिन इसकी बिजली खपत बहुत ज्यादा नहीं होती. आमतौर पर एक Stabilizer 10 से 20 वॉट तक बिजली इस्तेमाल करता है. इससे सालभर में थोड़ा अतिरिक्त खर्च जरूर जुड़ सकता है.
कौन-सा ऑप्शन बेहतर है
अगर आपके इलाके में बिजली सप्लाई स्टेबल रहती है और आप नया इन्वर्टर AC खरीद रहे हैं, तो अलग से Stabilizer की जरूरत नहीं है. लेकिन जहां बिजली का उतार-चढ़ाव ज्यादा रहता है, वहां Stabilizer लगाना एक समझदारी भरा फैसला साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में बन रहा देश का पहला हाईटेक 'एंटी-टेरर' हेडक्वार्टर, बम और IED का भी नहीं होगा असर, जानिए किन सुविधाओं से होगा लैस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं