विज्ञापन
This Article is From Feb 06, 2011

विवादों से भी पाला पड़ता रहा है विश्व कप का

चाहे वह टूर्नामेंट का प्रारूप हो या बारिश का नियम या फिर सुरक्षा की राजनीति, विश्वकप का शुरू से विवादों से भी नाता रहा है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi: चाहे वह टूर्नामेंट का प्रारूप हो या बारिश का नियम या फिर सुरक्षा की राजनीति, विश्वकप का शुरू से विवादों से भी नाता रहा है और अब जबकि उपमहाद्वीप इस क्रिकेट महाकुंभ के लिए तैयार है तब आईसीसी ने कोलकाता से मैच छीनकर टूर्नामेंट से पहले ही इससे विवाद जोड़ दिया। विश्व कप में समय बढ़ने के साथ कुछ न कुछ ऐसी बातें होती रहीं, जो कभी-कभी तो खेल पर हावी हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका पर 1992 में बारिश के नियम का कहर, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज का 1996 में श्रीलंका में खेलने से इनकार, शेन वार्न का 2003 में प्रतिबंधित दवा सेवन में पकड़ा जाना और जिम्बाब्वे की राजनीतिक स्थिति को लेकर विरोध तथा बॉब वूल्मर की 2007 विश्व कप के दौरान मौत ऐसी प्रमुख घटनाएं रहीं, जो विश्व कप से जुड़ी खबरों पर हावी रही। विश्व कप जब 1975 में शुरू हुआ तो पहले मैच में ही भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने 174 गेंद पर नाबाद 36 रन बनाए, जिससे इसके 60 ओवर के प्रारूप की कड़ी आलोचना की गई थी। इसी विश्व कप के दौरान ओवल में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच के दौरान श्रीलंकाई तमिल ग्रुप के सदस्य मैदान में घुसकर पिच पर लेट गए थे, जिससे मैच रोकना पड़ा था। इसके चार साल बाद 1979 में विश्व कप पर कैरी पैकर की काली साया पड़ती नजर आ रही थी, लेकिन आखिरी मौके पर सब कुछ सही हो गया। इस टूर्नामेंट के दौरान हालांकि मौसम अच्छा नहीं रहा, जिससे कई कम स्कोर वाले मैच देखने को मिले। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 1992 के विश्व कप में बारिश के अजीबोगरीब नियम को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल मैच के बाद खूब कोसा गया। दक्षिण अफ्रीका को जब जीत के लिए 13 गेंद पर 22 रन की दरकार थी, तभी बारिश आ गई। खेल शुरू होने पर उसके सामने एक गेंद पर 21 रन बनाने का असंभव लक्ष्य था। भारतीय उपमहाद्वीप में 1996 में दूसरी बार हुए विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका में होने वाले मैच में भाग लेने से इनकार कर दिया। श्रीलंका को इन दोनों मैच के अंक दे दिए गए और इस तरह से वह केवल एक मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया और आखिर में चैंपियन बना। इसी टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका के बीच का कोलकाता में खेला गया सेमीफाइनल दर्शकों के उपद्रव के कारण पूरा नहीं हो पाया था। विश्व कप 1999 के शुरू में ही सफेद ड्यूक गेंद को लेकर काफी चर्चा चली, क्योंकि यह काफी कड़ी थी। दक्षिण अफ्रीकी कोच वूल्मर ने मैदान पर अपने खिलाड़ियों से रेडियो संपर्क से बात करने का तरीका ईजाद करके नई बहस को जन्म दिया था। आईसीसी ने बाद में इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। दक्षिण अफ्रीका में 2003 में हुए विश्व कप के शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के प्रायोजन का मामला तूल पकड़ गया, जिससे भारत के प्रमुख क्रिकेटरों का टूर्नामेंट में भाग लेना संदिग्ध हो गया था। शेन वार्न को टूर्नामेंट से पूर्व के परीक्षणों में डायूरेटिक के सेवन का दोषी पाया गया, जिसके लिए उन्हें एक साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। वेस्टइंडीज में 2007 में खेले गए विश्व कप में पाकिस्तानी टीम के आयरलैंड से हारने के एक दिन बाद 18 मार्च, 2007 को उसके कोच वूल्मर की होटल के कमरे में मौत हो गई, जिसको लेकर काफी विवाद पैदा हुआ। फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई एडम गिलक्रिस्ट का बल्लेबाजी ग्लव्स के बीच स्क्वाश की गेंद डालना भी विवादों से घिरा रहा और श्रीलंका क्रिकेट ने आईसीसी से इसकी शिकायत की। यही नहीं फाइनल में अंपायरों की गफलत के कारण विवाद पैदा हुआ। खराब रोशनी के कारण जब खेल रोका गया तो ऑस्ट्रेलिया ने जीत का जश्न मनाना शुरू किया, लेकिन अंपायरों ने कहा कि अभी मैच पूरा नहीं हुआ। आखिर में खिलाड़ियों को काफी कम रोशनी में तीन ओवर खेलने के लिए उतरना पड़ा। आईसीसी ने कड़ा रवैया अपनाते हुए इस मैच के अंपायरों और रेफरी को 2007 के ट्वेंटी-20 विश्व कप की अधिकारियों की टीम में नहीं लिया था। विश्व कप 2011 में तो विवाद तभी से शुरू हो गए थे, जब सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान से मेजबानी छीनी गई थी। कोलकाता में काम पूरा नहीं होने के कारण आईसीसी ने उससे मैच छीन लिया, जबकि कनाडा के पाकिस्तान मूल के खिलाड़ियों को वीजा मिलने में देरी हुई। कनाडाई खिलाड़ियों को वीजा मिल गया है, लेकिन कोलकाता मसला आगे तूल पकड़ सकता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विश्व कप, क्रिकेट, विवाद
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com